आगरा में कागारौल के नगला हीरा सिंह निवासी निजी स्कूल के शिक्षक परीक्षत सिंह चाहर के खाते से साइबर अपराधी ने 53 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाना पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने 13 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर पीड़ित ने अपने परिचित की मदद से आरोपी की लोकेशन निकाल ली। यह झारखंड के धनबाद की आई। सोमवार को परीक्षत ने एसएसपी ऑफिस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
गूगल से ग्राहक सेवा का नंबर लिया
परीक्षत सिंह ने बताया कि 18 दिसंबर 2021 को उन्हें अपने दोस्त को पेटीएम से 5200 रुपये ट्रांसफर करने थे। खाते से पैसा कटने के बावजूद दोस्त को रुपये नहीं पहुंचे। इस पर उन्होंने गूगल से ग्राहक सेवा का नंबर लिया। एक नंबर पर कॉल करने पर जानकारी ले ली गई। बताया गया कि दोबारा कॉल करके रकम खाते में आने के बारे में बताया जाएगा।
22 दिसंबर को परीक्षत के पास कॉल आया।
एप डाउनलोड करा दिया
कॉल करने वाले ने कहा कि ई वालेट कंपनी से बोल रहे हैं। आपके खाते में पैसा वापस किया जा रहा है। इसके लिए मोबाइल पर एक एप डाउनलोड करना होगा। उसने उनके मोबाइल पर एप डाउनलोड करा दिया। यह आनलाइन मोबाइल एक्सेस एप था। एप डाउनलोड करने पर परीक्षत का मोबाइल हैंग हो गया। इसके बाद उनके खाते से दो बार में 53 हजार रुपये की शॉपिंग होने की जानकारी हुई। उन्होंने दस मिनट में पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत की। इसके बाद खाता बंद करा दिया।