साइबर अपराधियों ने एक संगीत शिक्षक और उसकी बहन के ई-वॉलेट से 47 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। शिक्षक को आरोपियों ने बच्चों को ऑनलाइन संगीत सिखाने का झांसा दिया। इसके बाद ऑनलाइन फीस जमा करने का झांसा देकर एक लिंक भेज दिया। लिंक पर क्लिक करने पर रकम कट गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
गुरु गोविंद नगर, उखर्रा रोड निवासी हर्ष कुमार कमला नगर में संगीत अकादमी चलाते हैं। लॉकडाउन में ऑनलाइन क्लास दे रहे हैं। उन्होंने जस्ट डायल पर एक पैकेज लिया था, जिसमें ऑनलाइन संगीत सीखने वालों के नंबर उपलब्ध कराए जाते हैं। 18 मई को एक नंबर दिया गया, जिस पर हर्ष ने कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले ने अपना नाम रवि निवासी जम्मू बताया। कहा कि वो आर्मी में हैं। उनके चार बच्चों को संगीत सीखना है। इस पर उन्होंने चार बच्चों की फीस 9600 रुपये प्रतिमाह बता दी।
पेटीएम पर पांच रुपये भेजे
इस पर रवि ने पेटीएम नंबर पूछा। कुछ देर बाद उनके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह आर्मी कैंप का मैनेजर बोल रहा है। पेटीएम में पांच रुपये भेजने की बात कही। बताया कि यह पेमेंट क्रेडिट कार्ड से होगा। उन्हें एक लिंक भेज दिया। इस पर क्लिक करते ही पहली बार में पांच रुपये उनके खाते से कट गए। इसके बाद चार बार में 34996 रुपये उनके खाते से आरोपी के खाते में ट्रांसफर हो गए। इस बारे में शिकायत करने पर आरोपी ने कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड खराब हो गया।
पुलिस से की शिकायत
यह रकम वापस करने के लिए किसी और का ई-वॉलेट का नंबर मांगा। हर्ष ने अपनी बहन का गूगल पे का नंबर दे दिया। आरोपियों ने उनके मोबाइल पर भी लिंक भेजा। इस पर क्लिक करते ही खाते से 12 हजार रुपये कट गए। पीड़ित का कहना है कि रुपये भेजने का झांसा देकर आरोपियों ने अपने खाते में रुपये ट्रांसफर करने के लिए लिंक भेजे थे। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- हैवानियत: किशोरी के साथ पड़ोसी युवक ने दोस्त संग मिलकर किया सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो किया वायरल