मैनपुरी। विकास खंड बरनाहल के प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक के खाते से साइबर ठग ने 44 हजार रुपये ठग लिए। जानकारी होने के बाद पीड़ित ने बैंक अधिकारियों को सूचना दी। बृहस्पतिवार को साइबर सेल में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
विकास खंड बरनाहल के प्राथमिक विद्यालय सजावारपुर में तैनात सहायक अध्यापक सुभाष चंद्र का बैंक खाता शहर के स्टेशन रोड स्थित एक बैंक शाखा में हैं। बुधवार को उन्होंने गूगल पर सर्च कर बैंक की बेवसाइड से कस्टमर केयर का नंबर लिया। नंबर पर जब फोन किया तो उससे बड़े अधिकारी से बात कराने की बात कहते हुए फोन काट दिया।
कुछ देर बाद उसके पास एक कॉल आई। खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए खाता संबंधी जानकारी मांगी। इसके बाद तीन बार ऑनलाइन पेमेंट बेवसाइड का कोड डालने को कहा, बताए अनुसार उसने सारी जानकारी दे दी। कुछ ही देर में तीन बार में उसके खाते से करीब 44 हजार रुपये निकाल लिए गए। जानकारी होने के बाद जब उसने नंबर फोन मिलाया तो फोन नहीं उठा। उसने तुरंत ही बैंक अधिकारियों को जानकारी दी। बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय स्थित साइबर सेल पर प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।