फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में महिला से एनीडेस्क एप डाउन लोड कराकर उसके क्रेडिट कार्ड से 78500 रुपये निकाल लिए गए। जब इसकी जानकारी महिला को हुई तो उसने तत्काल प्रभाव से साइबर सेल को इसकी जानकारी दी। साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए पैसों को ट्रांसफर होने से रोक दिया। इसके बाद पूरी प्रक्रिया कर, साइबर सेल ने खाते से काटी गई धनराशि को महिला को वापस करा दिया।
सिरसागंज निवासी मोनिका सिंह के मोबाइल फोन पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके (मोनिका) क्रेडिट कार्ड में कुछ कमी आ गई है। उसने पीड़िता से मोबाइल में एनी डेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा। साथ ही विश्वास दिलाया कि इस एप्लीकेशन को डाउनलोड करने के बाद वह उसका क्रेडिक कार्ड सही कर देगा। शातिर की बातों में पीड़िता फंस गई और अपने मोबाइल में एनी डेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड कर लिया।
एप डाउन लोड करते ही युवक ने पासवर्ड डालकर उसे कनेक्ट करने के लिए कहा। जैसे ही महिला ने कनेक्ट किया, युवक उसके मोबाइल को स्वयं चलाने लगा। फिर उसने एक पासवर्ड डाल कर ओटीपी नंबर पूछा। जैसे महिला ने ओटीपी बताया, युवक ने उसके खाते से 78,500 रुपये निकाल लिए। महिला ने तुरंत ही साइबर सेल के नंबर पर फोन कर अपने साथ हुए फ्रॉड की जानकारी दी। साइबर सेल ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए महिला के रुपये को ट्रांसफर होने से बचा लिए।