दिल्ली के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल को साइबर अपराधियों ने जाल में फंसाकर 10.50 लाख रुपये खाते में जमा करा लिए। रेंज साइबर सेल की सक्रियता से यह रकम खाते में पहुंचने के बाद भी बच गई। अब उन्हें कोर्ट के आदेश पर यह रकम मिलेगी। सेवानिवृत्त अधिकारी ने आईजी को मेल भेजकर आभार जताया। प्रमुख सचिव गृह और एडीजी कानून व्यवस्था को मेल भेजकर टीम की तारीफ की है।
नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश निवासी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल बलवीर सिंह संधू को साइबर अपराधियों ने माइनिंग कंपनी में निवेश के नाम पर झांसे में लिया था। दिसंबर, 2019 में सैंपल भेजने के नाम पर 10.50 लाख रुपये एक खाते में जमा करा लिए। सेवानिवृत्त अधिकारी को ठगी का पता चला तो उन्होंने बैंक से जानकारी की।
पता चला कि जिस खाते में रकम जमा हुई, उसे आगरा की रेंज साइबर सेल ने फ्रीज कराया है। उन्होंने दिल्ली के थाना ग्रेटर कैलाश में 23 अप्रैल को मुकदमा दर्ज कराया। आईजी ए सतीश गणेश से संपर्क किया। आईजी ने रेंज साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर शैलेश कुमार सिंह को मामला सौंप दिया।