लॉकडाउन के बाद शुरू किए गए निर्माण कार्य मे घटिया सामग्री लगाई जा रही है। इसका खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को मेयर नवीन जैन आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-6 सी पहुंचे।
नाली और सड़क के काम मे पीली ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा था। मेयर नवीन जैन ने नाली से ईंट निकलवा कर देखी तो यह पीली और घटिया निकली। ईंट हाथ में लेकर उन्होंने इसे एक ही बार में तोड़ दिया। मेयर नवीन जैन ने अवर अभियंता पूनम कुमारी को निर्देश दिया कि संबंधित ठेकेदार को तुरंत नोटिस जारी किया जाए।
उन्होंने नाली उखड़वा कर दोबारा अच्छी सामग्री लगाकर नाली निर्माण व सड़क निर्माण के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। यह काम बारिश से पहले खत्म करने को कहा। पार्षद सुषमा जैन ने मेयर को बताया कि ठेकेदार नाली की चिनाई में सीमेंट की बजाए बालू अधिक इस्तेमाल कर रहा था। पानी का निकास भी ठीक नही था।
सेक्टर-7 में देखी नाला सफाई
सेक्टर 7 में जैन मंदिर के सामने नाले की सफाई कार्य का भी मेयर ने निरीक्षण किया। नाले से जेसीबी से सिल्ट निकाली जा रही थी। मेयर ने सुपरवाइजर अजय कुमार से कहा कि सिल्ट जल्दी उठा ली जाए। इस दौरान पार्षद सुषमा जैन, अनिरुद्ध भदोरिया, मनीष अग्रवाल, राधा शर्मा, दीपिका लाल, रेनू यादव, नितेंद्र यादव, शिवम दुबे अंशु भटनागर आदि मौजूद रहे।