आज नोट नहीं बदले जाएंगे, शुक्रवार को शहर से देहात तक की अधिकांश शाखाओं के बाहर लगा कैश खत्म होने का नोटिस, 500 रुपये के नोट न आने से बढ़ा संकट
230 से ज्यादा शाखाओं में कैश खत्म
58 एटीएम से ही नगदी की निकासी
30 हजार लोगों के नोट एक्सचेंज
75 हजार ने किया जमा-निकासी
250 करोड़ हुए शुक्रवार को जमा
शहर की 230 से ज्यादा बैंक शाखाओं में शुक्रवार को कैश खत्म होने पर नोटिस लगा दिए गए। जिले की आधी बैंक शाखाओं में अब कैश नहीं है। शुक्रवार को एमजी रोड, संजय प्लेस, बोदला-सिकंदरा रोड, फतेहाबाद रोड, सदर बाजार से लेकर देहात में पिनाहट, भदरौली, किरावली, सीकरी, फतेहाबाद में भी बैंक शाखाओं में कैश खत्म हो गया। कुछ शाखाओं में सौ रुपये के नोट पूरी तरह से खत्म हो गए और केवल 10-20 रुपये की गड्डियां ही बची हैं। शनिवार को नगदी के संकट से बैंक नोट बदलने का काम नहीं करेंगे। जिन बैंकों पर कैश है, वह केवल बुजुर्गों के नोट बदलेंगे। शनिवार को कैश की किल्लत और गहरा जाएगी।
वित्त मंत्रालय और रिजर्व बैंक अधिकारी नोटों की कमी न होने का दावा कर रहे हों लेकिन आगरा में आधे से ज्यादा बैंकों के बाहर सन्नाटा ही रहा। कैश नहीं होने का नोटिस लगाने के बाद बैंकों ने चैनल पर ताले लगा दिए। केवल जमाकर्ताओं को ही बैंक में अंदर जाने दिया गया। 10 दिन बाद भी रिजर्व बैंक नए नोटों को आगरा में उपलब्ध नहीं करा सका। 500 रुपये के नोट किसी भी बैंक में नहीं आए हैं। कैश की किल्लत पर डीएम के पत्र लिखने के बाद भी रिजर्व बैंक से चेस्ट में नोटों की आपूर्ति नहीं हुई है। आगरा से कई बैंकों की कैश वैन कानपुर गई हैं लेकिन वहां भी नोट नहीं हैं।
सोमवार को आ सकता है 500 रुपये का नोट
लीड बैंक मैनेजर के मुताबिक, कानपुर स्थित रिजर्व बैंक में शनिवार तक 500 रुपये के नोट पहुंच जाएंगे। ऐसे में सोमवार को शहर के कई एटीएम और बैंक शाखाओं में 500 रुपये का नया नोट नजर आ सकता है। बैंकर भी मानते हैं कि दो हजार रुपये की जगह 500 रुपये का नोट आने से ही कारोबार की दिक्कतें दूर हो पाएंगी। 100 रुपये और इससे छोटे नोटों को लोग बाजार में बेहद जरूरी चीजों पर ही खर्च कर रहे हैं। इससे नोटों का सर्कुलेशन बढ़ नहीं पा रहा। 500 रुपये के नोट से लोगों को भी कैश निकासी में आसानी होगी।
रात में एटीएम में लोड कर रहे कैश
दिन में नगदी के संकट के कारण बैंक रात में एटीएम में कैश लोड कर रहे हैं। एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक और स्टेट बैंक अपने चुनिंदा एटीएम में शाम सात बजे के बाद ही कैश लोड कर रहे हैं जो महज एक से डेढ़ घंटे में ही खत्म हो रहे हैं। हालांकि कुछ बैंकों में दो हजार रुपये का नोट एटीएम में लोड किया गया लेकिन लोग इसे निकालने के बाद 100 रुपये के नोट से बदलवाने को फिर बैंक पहुंच रहे हैं।