सोरोंजी(कासगंज)। तीर्थनगरी में कांवड़ मेले का रंग छाने लगा है। शिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवड़ियों की भीड़ लहरा, कछला और कादरगंज गंगाघाट पर रहीं। मंगलवार की देर शाम से डाक कांवड़िये घाटों पर कांवड़ भरने पहुंचने लगे। हर तरफ बम-बम बोले के जयकारे वातारण में गूंजते रहे।
कांवड़ियों की टोलियां लगातार कासगंज-सोरोंजी मार्ग से निकली। डीजे की तेज आवाज पर कांवड़ियें नाचते नजर आए। डाक कांवड़ियों की दौड़ लगातार सड़कों पर दिखाई देती रही। कांवड़ियों के साथ बाइक सवार साथियों की टोली भी भोले की जय-जयकार करती चल रही थी। पूरे दिन यही आलम लहरा, कछला और कासगंज के बीच बना रहा। देर शाम गंतव्य की ओर रवाना होने वाले कांवड़ियों की भीड़ और बढ़ गई।
डाक कांवड़ व सामान्य कांवड़ ले जाने वाले कांवड़िये शिवतेरस पर भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। वहीं राजस्थान, मध्यप्रदेश व दूरदराज क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु तीसरे सोमवार को भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। महिला शिवभक्त कांवड़िया भी पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर टोलियों में चल रहीं थीं। आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस जनपदों के कांवड़िये डाक कांवड़ ले जा रहे थे।
कांवड़ियों की अच्छी संख्या से कारोबारी उत्साहित
सोरोंजी। तीर्थनगरी के कांवड़ मेले में कांवड़ियों के अच्छी संख्या में पहुंचने से कारोबारी बेहद उत्साहित हैं। दुकानदार अमोल सिंह, राजू श्रीवास्तव, नितिन कुमार एवं राधेलाल का कहना है कि कांवड़ मेला अच्छा चल रहा है। सभी को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। भगवान भोेले सभी का भला करेंगे।
-
- कलश में 101 लीटर गंगाजल भरकर भोले बाबा का अभिषेक करने के लिए ले जा रहा हूं, हर वर्ष सावन में यहां आता हूं। कल एटा के कैलाश मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ाऊंगा- राम प्रकाश चौहान, शिकोहाबाद रोड, एटा
- भगवान भोले व मां गंगा की कृपा से हर वर्ष साथियों के साथ तीर्थनगरी आते हैं। कांवड़ सजाकर लहरा घाट से पवित्र गंगाजल ले जाते हैं। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को भरतपुर में शिवालय में भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे- सोनू, भरतपुर