31एमएनपी-21-आगरा रोड स्थित एक राशन की दुकान पर राशन के लिए लगी लोगों की भीड़
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। राशन वितरण में दुकानों पर उपभोक्ताओं को भीड़ जुट रही है। न तो लोगों को कोरोना संक्रमण का डर है और न ही राशन डीलरों को नियमों की फिक्र। शासन ने सख्त आदेश दिए थे कि वितरण में कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाए। लेकिन कहीं भी इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
27 दिसंबर से जिले में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत दूसरी बार निशुल्क राशन का वितरण किया जा रहा है। राशन लेने के लिए दुकानों पर उपभोक्ताओं की भीड़ पहुंच रही हैं। उपभोक्ताओं के चेहरों पर न तो मास्क नजर आ रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है। भीड़ में लोग एक दूसरे से सटकर खड़े हो रहे हैं। इससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
वहीं दूसरी ओर शासन ने ई-पॉस पर बायोमेट्रिक लगवने से पहले उपभोक्ताओं के हाथ साबुन से धुलवाने या फिर सेनिटाइज कराने के आदेश दिए थे। लेकिन ये आदेश भी राशन डीलरों ने नहीं माना। धड़ल्ले से एक के बाद एक उपभोक्ताओं के बायोमेट्रिक लगवाए जा रहे हैं। शहर के आगरा रोड पर राजकीय इंटर कॉलेज के पास स्थित राशन की दुकान पर भीड़ जुटी थी। लेकिन यहां न तो सामाजिक दूरी थी और न ही मास्क। ऐसा ही हाल अन्य राशन की दुकानों का भी रहा।
पूर्ति विभाग के अधिकारी भी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
तीन जनवरी तक बढ़ाया गया वितरण का समय
वितरण में देरी होने के चलते शासन ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वितरण की तिथि बढ़ा दी है। पहले 31 दिसंबर तक ही वितरण पूर्ण कराना था। वहीं अब दो जनवरी और तीन जनवरी को भी वितरण होगा। ऐसे में राशन लेने से छूटे उपभोक्ता इन दिवसों में राशन ले सकेंगे।
सभी विक्रेताओं को कोविड गाइडलाइन का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसमें लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वितरण की तिथि भी बढ़ा दी गई है।
- मो. क्यामुद्दीन अंसारी, जिला पूर्ति अधिकारी।