बहुमंजिला इमारतों में आग की घटनाओं में बचाव अभियान के लिए इटली से मंगाया गया हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म फिर खराब हो गया है। यह 42 मीटर की जगह 25 मीटर तक ही खुल पा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने इटली से इंजीनियरों को बुलाया है। वहीं, तापमान बढ़ने पर देहात के इलाकों में दमकल की संख्या बढ़ा दी गई है।
शहर में बहुमंजिला इमारतें बढ़ गई हैं। अग्निकांड की बड़ी घटनाएं इनमें हो चुकी हैं। दिसंबर 2025 में ओल्ड विजय नगर कॉलोनी में स्थित त्रिवेणी अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर फ्लैट में आग लगी थी तो हाल ही में संजय प्लेस स्थित ब्लॉक नंबर 25 में आग लग गई थी। ऊपरी मंजिल पर रह रहे एक होटल के कर्मचारी फंस गए थे। उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया था।
बहुमंजिला इमारतों में लगी आग को बुझाने के लिए वर्ष 2015 में इटली से 3.5 करोड़ रुपये की लागत से हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म खरीदा गया था। इसे ईदगाह स्थित फायर स्टेशन में रखा गया। इस प्लेटफॉर्म की मदद से दमकलकर्मी 42 मीटर (तकरीबन 14 मंजिल) तक रेस्क्यू ऑपरेशन कर सकते हैं। वर्ष 2019 में सेंसर की गड़बड़ी के कारण हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म खराब हो गया। स्थानीय इंजीनियर कमी को दूर नहीं कर सके। इस पर दिल्ली की कंपनी के इंजीनियर बुलाए, पर वह पार्ट्स लगा नहीं सके। इस पर इटली के इंजीनियर बुलाए गए, लेकिन कोविड के कारण वह नहीं आए। वर्ष 2022 में इटली के इंजीनियरों के आने पर प्लेटफॉर्म को सही कराया जा सका। अब यह फिर खराब हो गया है। सीएफओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म केवल 25 मीटर तक ही खुल पा रहा है। इटली की कंपनी के इंजीनियरों को बुलाने के लिए पत्राचार किया गया है।
हर स्टेशन पर कर्मचारियों को किया अलर्ट
सीएफओ ने बताया कि गर्मी आते ही हर फायर स्टेशन पर कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया है। छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। विशेष परिस्थिति में ही अवकाश दिया जा रहा है। ईदगाह और ताजनगरी फायर स्टेशन पर छह दमकल हैं। इसके अलावा शास्त्रीपुरम, फाउंड्री नगर पर दो-दो दमकल रहती हैं। इसके साथ ही देहात में बाह, खेरागढ़ और बरहन में दो-दो, किरावली, फतेहाबाद में एक-एक हैं।
बढ़ गए अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट से घटनाएं
गर्मी आते ही मकान, सिलिंडर आदि में आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। सिकंदरा स्थित फैक्टरी में रविवार शाम को आग लगी थी। ज्यादातर अग्निकांड की घटनाओं का प्रमुख कारण शॉर्ट सर्किट ही सामने आता है। सीएफओ ने बताया कि आग लगने की घटनाओं में जरा सी चूक सामने आती है। गर्मी में लोग कूलर और एसी चलाते हैं। इस वजह से बिजली का लोड बढ़ने लगता है। खराब वायरिंग से घटनाएं होती हैं। इसलिए पुरानी वायरिंग समय रहते बदलवा लेनी चाहिए। सिलिंडर के पाइप को चेक कराते रहे। वाहनों की सर्विस कराकर रखें। गाड़ियों में भी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं होती हैं।