आगरा के जैतपुर के रैपुरा दीक्षित गांव में प्राथमिक विद्यालय के बगल में स्थित तालाब में रविवार को मगरमच्छ दिखने से बच्चों की सुरक्षा के प्रति अभिभावक चिंतित हो उठे हैं। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़ने की मांग वन विभाग से की है। शनिवार को जैतपुर के क्यारी गांव में प्रधान प्रदीप यादव के घर के पिछवाड़े स्थित तालाब में मगरमच्छ दिखा था।
मगरमच्छ को पकड़ने के लिए अभी वह तालाब खाली भी नहीं हो पाया था कि रविवार को रैपुरा दीक्षित गांव के तालाब में मगरमच्छ दिखने से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर में मगरमच्छ के होने की सूचना पर तालाब पर ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीण ब्रजेश शर्मा, रामवीर ओझा, हर्ष अवस्थी, दिनेश अवस्थी, पिंकू ओझा, आकाश यादव और कल्लू यादव आदि ने बताया कि स्कूल के बगल वाले तालाब में मगरमच्छ दिखने से पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
गांव का मुख्य रास्ता भी तालाब के पास से होने के कारण किसान भी हमले के डर से भयभीत हैं। ग्रामीणों को रात के वक्त मगरमच्छ के गांव में घुसने की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़कर चंबल नदी में छोड़े जाने की मांग की है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम तालाब में पानी अधिक होने के कारण मगरमच्छ को रेस्क्यू नहीं कर सकी। वन विभाग की टीम ग्रामीणों को तालाब के किनारे जाने से बचने के लिए जागरूक करने में जुटी है।
तालाब में पानी होने के कारण मगरमच्छ को रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। तालाब खाली कराने के लिए खंड विकास अधिकारी से पत्राचार किया गया है। तालाब खाली होते ही मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया जाएगा।
-राजवीर सिंह सेंगर, वन क्षेत्र अधिकारी, सामाजिक वानिकी रेंज जैतपुर