आगरा जिले के बाह क्षेत्र में अटेर घाट पर ऊंट को पानी पिला रही 15 साल की किशोरी को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया। उसकी चीख पुकार पर पहुंचे चरवाहों ने मगरमच्छ को डंडों से पीट-पीटकर उसको मुक्त कराया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव दिन्नापुरा की 15 साल की रानी पुत्री नरेश पुरवंशी शुक्रवार को चंबल नदी के अटेर घाट पर ऊंट को पानी पिला रही थी। अचानक मगरमच्छ ने हमला बोल दिया और पैर को जबड़ों में जकड़ कर चंबल नदी में खींच ले गया।
रानी की चीख-पुकार सुनकर पर पहुंचे चरवाहों ने मगरमच्छ को डंडों से पीट-पीटकर उसको मुक्त कराया। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल रानी को इलाज के लिए अटेर के अस्पताल ले गए। जहां से हायर सेंटर भेज दिया गया।