थाना ट्रांस यमुना में 10 मई 2024 को एक युवक को गोली मारने के मामले में हत्या की कोशिश, अवैध शस्त्र रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। मूल रूप से बेदई, थाना कोतवाली, हाथरस निवासी राज चौहान पर आरोप लगा था। वर्तमान में वह ट्रांस यमुना क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेजा गया था। मंगलवार को वह जमानत पर रिहा हुआ।
थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी राज चाैहान के भाई हर्ष चौहान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर 200 से अधिक समर्थकों को जिला जेल के गेट पर भाई के स्वागत के लिए बुला लिया था। रिहाई होने पर समर्थकों ने पहले जेल के गेट पर राज को साफा बांधा, माला पहनाकर नारेबाजी के साथ स्वागत किया। इसके बाद उसे कार की छत पर बिठाकर जुलूस निकालते, नारेबाजी करते ट्रांस यमुना जाने लगे। करीब 200 लोगों के इस जुलूस ने खंदारी बाईपास पर यातायात व्यवस्था को बाधित कर दिया। इतनी कार और बाइकें एक साथ निकलने से लंबा जाम लग गया।युवकों के बेतरतीब ढंग से गाड़ी चलाने और हुड़दंग से राहगीर दहशत में आ गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। जुलूस में शामिल कुछ युवकों में नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर 10 को पकड़ लिया गया। मुख्य आरोपी और उसका भाई भाग गए। अव्यवस्था फैलाने और शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने अमित जाटव, लक्की कुमार, कृष्णा कुमार, प्रिंस सोनी, ध्रुव चौहान, लोकेश चौहान, श्रेय वशिष्ठ, आमिर खान, अभिषेक अग्रवाल और पवन चौहान को मौके से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 12 नामजद और करीब 150-200 अज्ञात के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रंगबाजी में दो बार मारी थी गोलीवीडियो से पहचाने जाएंगे अन्य आरोपी
हुड़दंग और हंगामे की सूचना पर पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्राथमिकी दर्ज करने के साथ सभी का शांति भंग की धाराओं में चालान किया गया था। सभी को न्यायालय ने जेल भेजा है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वीडियो भी सामने आया है। इससे आरोपियों की पहचान की जा रही है। -सैयद अली अब्बास, डीसीपी सिटी