फिरोजाबाद जिले में एक सिरफिरे युवक ने शनिवार को घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। युवती के विरोध करने पर उसने ब्लेड से हमला बोल दिया। इससे युवती की दोनों हाथों की कलाई कट गई। इसके बाद आरोपी युवक को युवती के परिजनों ने मारपीट कर घायल कर दिया । सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर थाने आई। पुलिस ने युवक-युवती का मेडिकल कराया है।
युवती के परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उनकी बेटी को परेशान करता है । शनिवार दोपहर युवती को घर में अकेला पाकर घुस आया और युवती के साथ जबरदस्ती करने लगा। आरोप है कि इसके बाद युवती पर ब्लेड से हमला बोल दिया। इससे युवती की दोनों कलाई कट गई। युवती के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने युवक को पकड़ कर पीट दिया।
यह भी पढ़ें- दोस्ती में दगाबाजी: पति का दोस्त निकला पत्नी का हत्यारा, पूछताछ में उगला चौंकाने वाला राज
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। युवती की मां का आरोप है कि युवक उसकी बेटी को आए दिन परेशान करता था। उधर, आरोपी का कहना है कि उसे युवती के परिजनों ने पीटा है। युवती ने उसे अपने घर पर बुलाया था, इसलिए वह मिलने के लिए गया था।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार तोमर का कहना है कि मामला संदिग्ध है। युवती की दोनों कलाइयां कटी हुई हैं, युवक भी घायल है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।