पंचकुइयां रोड पर तीन घंटे शव रखकर जाम लगाया
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
राज नगर में शुक्रवार सुबह छह बजे सार्वजनिक शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिरकर हीरा देवी (45) पत्नी राकेश की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने पंचकुइयां रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। शव उठाने का प्रयास करने पर महिलाओं ने पुलिस से खींचतान की। उन्होंने मेयर को बुलाने की मांग की। बाद में अधिकारियों ने मुआवजे का आश्वासन देकर तीन घंटे बाद शव उठवाया।
लोगों ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय बंद पड़ा है। हीरा देवी पड़ोसी मछला देवी के साथ शौच के लिए शौचालय के पीछे बने खाली स्थान पर गईं थी। यहां पर सेफ्टी टैंक है। टैंक के पत्थर के साथ हीरा देवी उसमें गिर गई। बाद में टैंक का लेंटर भी गिर पड़ा। मछला देवी के जानकारी देने पर लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। एसएन इमरजेंसी में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। लोग शव पंचकुइयां रोड पर ले आए और हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस आई और शव लोडिंग टेंपो में रख लिया। इस पर वे भड़क गए। बाद में विधायक योगेंद्र उपाध्याय और सीओ लोहामंडी राजेंद्र यादव भी पहुंच गए। लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर भी था कि राज नगर में ही मेयर का घर होने के बावजूद वे मौके पर नहीं आए।
लापरवाही का आलम
लोगों का कहना था कि सेप्टिक टैंक का लेंटर काफी दिन से जर्जर पड़ा था। इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया गया। यही वजह रही कि हादसा हो गया।
परिवार में मचा कोहराम
हीरा देवी का पति जूता कारीगर है। वह कई दिन से बीमार है। हीरा देवी शादी समारोह में पूड़ी बेलने का काम करती थी। उसकी पांच बेटी और एक बेटा है।