आगरा में थाना फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम पूठपुरा में विवाहिता का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और दो ननदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फतेहाबाद के ग्राम माली पट्टी थाना बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद निवासी चरण सिंह की पुत्री मीरा (40) की शादी करीब 20 वर्ष पहले प्रेम सिंह उर्फ सुला निवासी पूठपुरा थाना फतेहाबाद से हुई थी। मीरा के तीन बच्चे हैं।
शनिवार भोर करीब 4:00 बजे वह शौच के लिए निकली। सुबह उसका शव खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला । मीरा के पुत्र बंटू ने फोन पर इसकी सूचना नाना को दी। सूचना पर आई फतेहाबाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके वालों का कहना है कि मीरा का पति प्रेम सिंह उसे परेशान करता था।
कई बार पंचायत भी हुई थी। फतेहाबाद पुलिस ने मीरा के पिता की तहरीर पर पति प्रेमचंद , प्रेमचंद के बहनोई विक्रम पुत्र ठेकेदार निवासी रूद्धवाई फतेहाबाद, बहनोई शोकी राम निवासी कुर्रा नगला सिंगी फिरोजाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं मायकेवालों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।