एक महिला की हत्या कर शव मथुरा में जैंत के आझई कला गांव के निकट बाजरे के खेत में फेंक दिया गया। उसके सिर पर हथौड़े से वार किए गए हैं। शव के पास खून से सना हथौड़ा भी मिला है। महिला के हाथ पर सुशीला लिखा हुआ है, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
बुधवार को करीब छह बजे जैंत चौकी क्षेत्र के गांव आझई कला निवासी विनोद शर्मा के बाजरे के खेत में युवती का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव के पास ही खून से सना एक हथौड़ा भी पड़ा था।
माना जा रहा है कि हथौड़े से महिला के सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया है। महिला ने काले रंग का लोअर और आसमानी रंग की टी शर्ट पहन रखी है। पैरों में हवाई चप्पल हैं, कान में कुंडल पहने हैं।
शव के पास एक पॉलिथीन मिली है जिसमें पूजा का सामान धूपबत्ती आदि रखा है। एसएसपी स्वप्लिन ममगाई ने बताया कि शव को शिनाख्त के लिए रखा गया है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद में हत्या का लग रहा है। हत्या की रिपार्ट दर्ज कर ली गई है।