आगरा के मलपुरा में महिला को ससुराल में जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। आरोप महिला के पति और उसके बेटे पर है। महिला के भाई ने मामले की तहरीर थाना मलपुरा में दी है।
आगरा में थाना अछनेरा के गांव सहाई निवासी रन सिंह पुत्र महताब सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसकी चचेरी बहन गुड्डी देवी की शादी करीब 35 साल पहले रामजीत पुत्र लक्ष्मन सिंह निवासी नगला सांवला, मलपुरा से हुई थी। गुड्डी देवी के माता-पिता का निधन होने के कारण रन सिंह के माता-पिता ने उसकी शादी की।
बताया गया है कि गुड्डी देवी और उसकी बहन की शादी एक ही दिन हुई। दोनों के कोई भाई नहीं था। आरोप है कि गुड्डी देवी का पति अपने ससुराल की जायदाद को लेकर उसे परेशान करता था। कई बार पति और उसके बेटे ने मिलकर गुड्डी देवी से जायदाद और जेवरों के लिए मारपीट भी की।
हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
तहरीर में बताया गया है कि मंगलवार को सुबह करीब पांच बजे रामजीत ने अपने बेटे के साथ मिलकर पत्नी को केरोसिन छिड़ककर जला दिया। सूचना पर पहुंचे रन सिंह को गुड्डी देवी ने सारी बात बताई। इस पर रामजीत और उसके परिवारीजनों ने रन सिंह और उसके साथी को मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद झुलसी हुई गुड्डी देवी को जिंदा जला दिया। तब तक कमरे में बंद रन सिंह के साथी ने 100 नंबर पर फोन किया। घबराकर रामजीत और उसके बेटे ने दोनों को कमरे से बाहर निकाल दिया। सूचना पर रन सिंह के गांव से अन्य लोग भी पहुंच गए। मामले में रन सिंह ने गुड्डी देवी के बेटे प्रताप सिंह, उसके पति रामजीत और रामजीत के भाई तुलसीराम के खिलाफ तहरीर दी है।