19 साल से फरार चल रहा अंतरराज्यीय अपराधी हारुन मेव को मथुरा की सदर बाजार और स्वाट टीम ने शुक्रवार की रात पकड़ लिया।
पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत जेल में निरुद्ध कुख्यात अपराधी साल 1999 में कोर्ट में पेशी पर आते वक्त पुलिस कस्टडी से भाग खड़ा हुआ था।
15 हजार के इनामी के कब्जे से एक बाइक और हथियार भी बरामद किया गया है। साल 1999 में आर्म्स एक्ट और पुलिस मुठभेड़ में जेल में निरुद्ध थाना शेरगढ़ के गांव विशंभरा निवासी हारुन मेव को कोर्ट में पेशी को लाया गया था।
wanted criminal
- फोटो : demo pic
पेशी पर लाते वक्त पुलिस कस्टडी से कुख्यात अपराधी भाग खड़ा हुआ था। अंतरराज्यीय अपराधी को पकड़ने के लिए मथुरा पुलिस जुटी रही, पर वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने स्वाट टीम और सदर बाजार पुलिस को यह टास्क दिया। 15 हजार रुपये के इनामी को पकड़ने को सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक संतोष त्यागी और स्वाट टीम प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने गोकुल बैराज मोड़ से शातिर को पकड़ लिया।
एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शातिर के कब्जे से हथियार और बाइक बरामद की गई है। हरियाणा और मथुरा जनपद में हत्या, जानलेवा हमला, लूट और अपहरण के डेढ़ दर्जन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।