यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल के पास आगरा के व्यापारियों की चार करोड़ की चांदी लूट ली गई। छह की संख्या में बदमाश पुलिस की वर्दी पहने हुए थे। नीली बत्ती लगी इनोवा को आगे लगाकर कोरियर कंपनी के कैंटर को रोका गया।
कैंटर चालक और गनर को कागजात देखेने के बहाने अपनी गाड़ी में बिठा लिया और दिल्ली के आईटीओ क्षेत्र में उतारकर चले गए। पुलिस ने 24 घंटे के बाद धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस की लापरवाही से व्यापारियों में आक्रोश है। श्री सराफा कमेटी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। घटना तीन अप्रैल की है।
loot on yamuna express way
- फोटो : demo pic
संजय प्लेस स्थित ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड कंपनी से आयशर कैंटर का चालक अमित कुमार (वीपीओ, सिदोली, सीतापुर) और गनमैन सत्यवीर सिंह (गांव नगला कारी, मलपुरा, आगरा) तकरीबन 700 किलोग्राम चांदी के जेवर पार्सल में लेकर दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट जा रहे थे।
चांदी को अलग-अलग स्थानों के लिए बुक किया गया था। दोपहर 2:30 बजे एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल के पास नीली बत्ती लगी इनोवा कार में सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर कैंटर को रोका। बदमाश पुलिस की वर्दी पहने थे।
चालक ने कागजात दिखाने को कहा। कागजात दिखाए तो उनको फर्जी बताते हुए आफिस ले जाने की कहकर गाड़ी में बैठा लिया। एक बदमाश आयशर कैंटर को लेकर पीछे आने लगा।
UP POLICE
- फोटो : SELF
आईटीओ दिल्ली के पास चालक और गनमैन को उतारकर बदमाश चले गए। इस पर चालक ने आईपी एस्टेट थाने में सूचना दी। कंपनी के मैनेजर को बताया। न्यू फ्रेंड्स कालोनी थाना पहुंचे तो पुलिस ने जेवर थाना भेज दिया।
चालक को बाद में आयशर कैंटर खिरजाबाद गांव, नई दिल्ली में खड़ी मिल गई। उसमें चांदी नहीं थी। इस मामले में गाड़ी मालिक कुलदीप दीगरा (इंद्रापुरी, गुड़गांव) ने मुकदमा दर्ज कराया है।
जेवर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है। आयशर कैंटर में आगरा के व्यापारियों की चार करोड़ की चांदी थी। इसमें ओपी चेन्स कंपनी ने 3,75,8385 रुपये की चांदी चेन्नई भेजी थी। पुलिस की लापरवाही से सराफ कारोबारियों में आक्रोश है।