मैनपुरी में स्वाट टीम और कुरावली पुलिस ने छापा मारकर आईपीएल मैच पर सट्टा लगवाते दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपी भाग निकले। पकड़े गए युवकों के कब्जे से 27 हजार की नकदी, मोबाइल, एटीएम, डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
एसपी अजय शंकर राय ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि कुरावली में आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाया जा रहा है। इस पर थाना कुरावली पुलिस और स्वाट टीम को लगाया गया। टीम ने जानकारी जुटाई।
गुरुवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि एक दुकान पर मौजूद कुछ लोग आईपीएल पर सट्टा लगवा रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमित कुमार उर्फ नितिन जैन निवासी मोहल्ला वैदनटोला और राहुल गुप्ता निवासी मोहल्ला कानून गोयान को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 27 हजार की नकदी, दो मोबाइल, एक एटीएम मिले।
पांच आरोपी हुए फरार
एसपी ने बताया कि सट्टा लगाने वाले गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। फरार हुए आशीष उर्फ आशू मिश्रा, विष्णु गुप्ता निवासी मोहल्ला कानून गोयान, अंकित गुप्ता निवासी मोहल्ला वैदनटोला, अन्नू जैन निवासी मोहल्ला महाजनान और मोहित गुप्ता निवासी मोहल्ला सदर को पुलिस तलाश रही है।
आईपीएल पर सट्टा लगवाने वाले युवकों के तार दिल्ली तक जुड़े हुए हैं। नकद के अलावा, एटीएम, डेबिट कार्ड आदि से रुपयों का लेन देन किया जाता है। बेहद कम लोग ही नकद में सट्टा लगाते थे, अधिकतर खेल बैंक एकाउंट के जरिए ही चलता है। सट्टेबाजों को सारा लेनदेन एटीएम, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के जरिए होता है।