गांव संवाई में सोमवार को एक सिरफिरे बाबा की हरकत से तनाव फैल गया। मजार में रखे पत्थर तोड़ने को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। तोड़फोड़ की सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बाबा को हिरासत में ले लिया। साथ ही ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
खबर लिखे जाने तक पुलिस ने बाबा को मनोचिकित्सालय भेज दिया था। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात था। घटना सुबह तकरीबन नौ बजे की है। थाना क्षेत्र के गांव संवाई में बरहन रोड स्थित तालाब के किनारे मजार पर एक बाबा पहुंच गया। आरोप है कि बाबा ने मजार परिसर में रखे पत्थर तोड़ दिए।
इसकी जानकारी मुस्लिम समाज के लोगों को हुई तो वे मौके पर पहुंच गए। उनकी सूचना पर इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र सिरोही मय पुलिस बल गांव पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाया और बाबा को हिरासत में ले लिया।
बाद में एसपीआरए बबिता साहू, सीओ अखिलेश भदौरिया भी गांव पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना था कि बाबा काफी समय से गांव में रहते हैं। वह मनोरोगी हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि बाबा विक्षिप्त है। मजार में कोई तोड़फोड़ नहीं हुई है।
वहां रखे एक पत्थर को गिरा दिया था। इससे पहले बाबा एक कार्यालय में भी गए थे। वहां भी सामान गिराया था।