राजा की मंडी के व्यापारी नेता हेमनदास जैसवानी के बाद उनके पुत्र सुशील की भी सरेआम हत्या कर दिए जाने के विरोध में सभी व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए सोमवार को आगरा बंद का ऐलान किया है। सरकार से डीआईजी लक्ष्मी सिंह और एसएसपी राजेश डी. मोड़क को हटाने की मांग की गई है।
पंचरत्न होटल में रविवार को हुई बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री गागन दास रामानी ने बताया कि 17 अगस्त को आगरा के सभी बाजार बंद रहेंगे। 12 बजे सभी व्यापारी राजा की मंडी बाजार पहुंचेंगे, जहां बैठक में आगे के आंदोलन की रणनीति तय होगी। रामानी ने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हालात न सुधरे तो व्यापारियों के हाथों पुलिस पिटेगी। पानी सिर से ऊपर निकल चुका है। अब पलायन के हालात हैं या फिर मरने-मारने के। अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि एसएसपी और डीआईजी अपराध पर लगाम लगाने में विफल रहे हैं। उन्हें अब हटाया जाए। आगरा क्राइम कैपिटल बन गया है।
एफमैक अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि शहर को सर्विलांस पर रखा जाए। मुख्यमंत्री को कानून व्यवस्था की मॉनिटरिंग करनी चाहिए। कैमरे लगाने को व्यापारी मदद देने को तैयार हैं, लेकिन कानून व्यवस्था सुधरे तो सही। इस बैठक में सराफा कमेटी के मुरारी लाल फतेहपुरिया, चेंबर के पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा, जितेंद्र त्रिलोकानी, जीवतराम करीरा, गिरधारी लाल भगत्यानी, जयराम दास, हेमंत भोजवानी, सुनील कर्मचांदानी, गीत चुघ, गोपाल मोटवानी, राजू मेहरा, टेकचंद, केके अग्रवाल सहित अन्य व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ठेके पर हैं थाने और चौकी
पार्षद कुंदनिका शर्मा ने कहा कि थाने-चौकी ठेके पर उठे हुए हैं। डीएम किसी कांड पर नजर नहीं आते तो पुलिस अधिकारी शाम सात बजे के बाद होटलों में दिखते हैं। अपराध कैसे रुकेंगे, जब अफसर सक्रिय ही न होंगे।
दवा, पेट्रोल पंप, जूता फैक्ट्री सब बंद
आगरा बंद के दौरान इस बार दवाओं की थोक एवं फुटकर दुकानें, सराफा, कपड़ा, जूता, किराना, जूता फै क्ट्रियां और फाउंड्री बंद रहेंगी। लोडिंग टेंपो एसोसिएशन के अध्यक्ष राजवीर सिंह और टैक्सेशन बार एसोसिएशन ने बंद का समर्थन किया है। पेट्रोल पंप दो घंटे के लिए बंद रखे जाएंगे।