जनता का मित्र होने का दावा करने वाली आगरा पुलिस का एक बार फिर क्रूर
चेहरा सामने आया है। चीता मोबाइल के सिपाहियों ने उस प्रापर्टी डीलर को
बेरहमी से पीटा, जो सड़क पर पड़े घायल युवक की मदद कर रहा था। उसका कुसूर
सिर्फ इतना था कि उसने सिपाहियों से घायल को ले जाने मेें तेजी दिखाने के
लिए कहा था। पुलिसवाले इसी पर आपा खो बैठे। आरोप है कि उसके चेहरे पर
हेलमेट दे मारा। उसके दांत हिल गए, आंख सूज गई। लेकिन बर्बरता पर उतरे
सिपाहियों का जी इतने भर से नहीं भरा। टेढ़ी बगिया निवासी अनिल के साथ
मुल्जिमों जैसा सुलूक किया गया। उसे पकड़कर हवालात में डाल दिया। 13 घंटे
हवालात में रखने के बाद उसका शांति भंग (धारा 151) में चालान कर दिया।
मजिस्ट्रेट से जमानत मिलने के बाद वह शुक्रवार को एसपी सिटी ऑफिस पहुंचा। उसने बताया कि वह 17 फरवरी को मधु नगर से शादी समारोह में शामिल होकर कार से लौट रहा थे। फाउंड्री नगर मेें भारत फैक्ट्री के सामने सड़क पर घायल युवक मिला। उसकी बाइक भी पास ही पड़ी थी। उसने उसे सड़क से एक किनारे पर कर दिया। वह पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन करने ही वाला था कि चीता मोबाइल के सिपाही पहुंच गए। उसने सिपाहियोें से कहा कि वह घायल को जल्दी अस्पताल ले जाएं, ताकि उसकी जान बच सके। आरोप है कि इसी से बौखलाकर सिपाहियों ने गालीगलौज शुरू कर दी। कहा, ये तेरा सगा संबंधी है क्या? उसने जवाब दिया, आप इस तरह बात क्यों कर रहे हो? आरोप है कि इस पर सिपाहियों ने उसके चेहरे पर हेलमेट से वार किया। उनकी आंख और मुंह में चोट लगी। मुंह से खून निकलने लगा लेकिन सिपाही उसे अस्पताल के बजाय थाना एत्माद्दौला ले गए। उसका मोबाइल छीनकर उसे हवालात में डाल दिया। 13 घंटे बाद गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे उसका शांति भंग में चालान कर दिया। जमानत पर छूटने के बाद वह घर लौटा। अनिल ने शुक्रवार को एसपी सिटी सुशील घुले से शिकायत की है।
दांत हिले, आंख सूज गई
अनिल की आंख में चोट लगी है। उसे ठीक से दिखाई भी नहीं रहा है। वहीं होंठ भी कट गया है। उसे टांके लगाए गए हैं। दांतों में भी चोट आई है। पुलिस के इस रवैये से परिवारीजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
युवक ने सिपाही पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच सीओ छत्ता को दी गई है। उनसे रिपोर्ट मांगी गई है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सुशील घुले, एसपी सिटी