अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में मंगलवार को परीक्षा देने जा रहे एक छात्र और एक छात्रा समेत तीन की मौत हो गई। पिनाहट-राजाखेड़ा मार्ग पर बीच का पुरा गांव के पास बाइक सवार छात्र ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए। बाद में गुस्साए छात्रों और ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। वहीं, बाह-जैतपुर मार्ग पर बाइक फिसलने से गिरी छात्रा की मौत हो गई। अन्य हादसों में नौ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना बसई अरेला के गांव खादर निवासी ग्याराम का पुत्र ब्रजमोहन (15) गांव के ही हरिओम (16) पुत्र अनार सिंह, अखिलेश (15) पुत्र महेश के साथ करकौली मंसुखपुरा स्थित मां गायत्री इंटर कालेज में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा देने बाइक से जा रहे थे। वहीं, अनेग पाल (20) पुत्र आशाराम निवासी पलोखरा अपनी बहन को परीक्षा दिलाने बाइक से बासौनी जा रहए थे। पिनाहट-राजाखेड़ा मार्ग पर गांव बीच का पुरा के पास पिनाहट की तरक से आई बालू भरी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में दोनों ही बाइक ों पर सवार आ गईं। इससे छात्र ब्रजमोहन की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि अनेग सिंह, हरिओम, अखिलेश घायल हो गये। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। गुस्साए छात्रों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर व ट्राली के टायरों को पंचर कर सड़क को जाम लगा दिया। इस दौरान चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पिनाहट में भर्ती कराया। वहां से तीनों को आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, भदरौली के पास आगरा-बाह मार्ग स्थित वर्मा होटल पर खड़े दूध के टैंकर में तेज गति टाटा 407 जा घुसी। इससे चालक राजेश (50) निवासी डोडा थाना अलीगढ़ घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उन्हें आगर रेफर कर दिया गया। बाह के पुरा जसोल गांव निवासी रघुराज की पुत्री प्रीती (18) बाह के पंडित काशीदयाल इंटर कालेज में 12वीं की छात्रा थी। मंगलवार को वह अपने भाई विवेक के साथ बाइक से सार्वजनिक इंटर कालेज चौरंगाहार परीक्षा देने जा रही थी। सुबह साढ़े छह बजे बाह-जैतपुर मार्ग पर छदामी मठ के पास बाइक फिसलने से गिरी प्रीती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवारीजन उसे आगरा ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। प्रीती की इसी माह शादी होनी थी। बटेश्वर के खांद तिराहे पर दोपहर को डस्टर गाड़ी और बाइक में टक्कर हो गई। इससे बलदाऊ और सत्य प्रकाश निवासी बटेश्वर घायल हो गए। दोनों को आगरा रेफर किया गया है।
किरावली-आगरा हाईवे पर गोफ कोठी नहर पर बाइक सवार साबू और शरीफ पुत्र मुंशी निवासी खेरिया मोड़ कमाल खां की बाइक की चपेट में आकर लक्ष्मी पत्नी लालसिंह निवासी अजान भरतपुर राजस्थान घायल हो गए। तीनों को सीएचसी किरावली में भर्ती कराया गया है। कागारौल के गांव गढ़मुक्खा निवासी हजारीलाल लवानिया (62) धौलपुर रिश्तेदारी में स्कूटर से गए थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।