युवकों ने मिठाई में कीडे़ निकले तो दुकानदार ने रंगदारी मांगने का लगाया आरोप
- फोटो : अमर उजाला
आवास विकास कालोनी सेक्टर एक में बुधवार दोपहर को मिठाई की दुकान पर हंगामा हो गया। युवकों ने मिठाई में कीड़े निकलने का आरोप लगाते हुए दुकानदार से विवाद किया तो दुकानदार भी एकत्रित हो गए। दुकानदारों ने युवकों को दौड़ा लिया। एक युवक को मौके से पकड़ लिया। घटना के विरोध में बाजार बंद कर रोड पर जाम लगा दिया।
सुभाष पुरम, बोदला निवासी हरिओम मित्तल की सेक्टर एक में अग्रसेन स्वीट्स एंड डेयरी के नाम से दुकान है। सेक्टर चार निवासी सुनील के मुताबिक, वह मंगलवार को दुकान से मिठाई लेकर गया था। बुधवार सुबह मिठाई में कीड़े देखकर वह चौंक गया। दोपहर में वह अपने साथियों के साथ दुकानदार से शिकायत करने आया था। मगर, दुकानदार ने उनकी एक नहीं सुनी। वहीं दुकानदार हरिओम ने बताया कि 15 दिन पहले कुछ युवक नशे में उनकी दुकान से मिठाई लेने आए थे। 900 रुपये की मिठाई लेकर बिना रुपये दिए जाने लगे। जब उनसे रुपये मांगे तो धमकी दी। इसके बाद 400 रुपये थमा दिए। धमकी देकर गए कि होली के बाद देख लेंगे। आज रंगदारी मांगने आए थे। युवकों ने उनसे मारपीट के बाद लूट का प्रयास किया। दुकान संचालक हरिओम मित्तल का आरोप है कि युवक मिठाई खराब बताकर 20 हजार रुपये की चौथ वसूली करना चाहते थे। उनकी दुकान के नाम लिखे डिब्बे में मिठाई लाए थे। उसमे मिठाई उनकी दुकान की नहीं थी। अगर, मिठाई खराब होती तो अन्य लोग शिकायत लेकर आते।
इस पर उन्होंने थाना जगदीशपुरा में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर का कहना है कि पकड़े गए एक युवक ने पूछताछ में बताया कि वह मिठाई खराब होने की शिकायत लेकर आया था। चौथ मांगने का आरोप गलत बता रहा है। वहीं दुकानदार की तहरीर पर चौथ वसूली का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। उधर, देर शाम दोनों पक्षों ने समझौतानामा लिखकर पुलिस को दे दिया।
बाक्स
विरोध के कारण नहीं ले पाए सैंपल
घटना की जानकारी पर खाद्य विभाग की टीम पहुंच गई। मगर, दुकानदारों ने टीम का विरोध किया। उन्हें सैंपल भी नहीं लेने दिए। जिला अभिहित अधिकारी देवाशीष उपाध्याय का कहना है कि शिकायत पर टीम सैंपल लेने गई थी। मगर, दुकानदारों के हंगामे और विरोध के चलते सैंपल नहीं ले पाए। पुलिस को बुलाया तब तक दुकानें बंद कर दी गईं। अब टीम फिर से सैंपल लेने जाएगी।