कालेधन की पोल खुलने के डर से नोएडा के बिल्डर ने भले ही 80 लाख की लूट के मामले में सिपाहियों के खिलाफ केस दर्ज न कराया हो, लेकिन उसे पूरी रकम का हिसाब देना पड़ेगा। आयकर विभाग ने उसे नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए पुलिस से पूरे केस की डिटेल मांगी गई है। पुलिस ने बिल्डर के नाम, पते, फोन नंबर समेत पूरे घटनाक्रम की मौखिक जानकारी विभाग को दे दी है।
आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि बिल्डर को नोटिस जारी कर पूछा जाएगा कि उस पर 80 लाख रुपये की रकम कहां से आई, वह इन्कम टैक्स रिटर्न दाखिल करता है या नहीं। अगर करता है तो उसकी फाइल देखी जाएगी। इसके अतिरिक्त यह भी मालूम किया जाएगा कि 80 लाख रुपये जमा कराने के लिए कानपुर में किस बैंक में जा रहा था। यह भी जानकारी मिली है कि सिपाहियों ने उसे 60 लाख रुपये वापस कर दिए।
उससे मालूम किया जाएगा कि उसने यह रकम जमा कराई या नहीं। अगर कराई तो कहां, आयकर विभाग को घटना की रिपोर्ट दर्ज होने का इंतजार है। जैसे ही एफआईआर होगी, वैसे ही इसकी कापी के साथ बिल्डर को नोटिस जारी किया जाएगा।