तस्करों के गोदामों से बरामद हुईं नशे की दवाइयां
- फोटो : अमर उजाला
आगरा गैंग के तस्करों के घर मिलीं दवाइयां आतंकी संगठनों को भी बेचे जाने का शक ड्रग विभाग को है। इसकी वजह यह है कि जब्त की गईं प्रतिबंधित दवाइयों में से एक वह है, जिसके सॉल्ट के बारे में रिपोर्ट आ चुकी है कि इसका इस्तेमाल आतंकी संगठन करते हैं। यह ड्रग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित है। ड्रग विभाग का कहना है कि इस पर भी जांच कराई जा रही है।
आगरा के औषधि निरीक्षक नरेश मोहन दीपक ने बताया कि 2008 में एक रिपोर्ट आई थी कि आतंकी संगठन नशे की दवाइयां इस्तेमाल करते हैं। चार साल पहले एक और रिपोर्ट आई, जिसमें बताया गया कि इंटरपोल ने संगठन बोको हरम के आतंकियों से नशे की दवा बरामद की। इसके अलावा मुंबई हमले में शामिल जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने भी ड्रग्स लिए थे, ऐसी भी एक रिपोर्ट आ चुकी है।
संबंधित खबर- NCB की जांच में खुलासा: नौ राज्यों में फैला है नशे का कारोबार, विदेशों से भी जुड़े 'आगरा गैंग' के तार
इन सभी मामलों में वे प्रतिबंधित ड्रग्स ली गई थीं, जो तस्कर पंकज गुप्ता के घर से बरामद की गईं। हालांकि अभी तक ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है जिसके आधार पर कहा जा सके कि यहां से दवाएं आतंकी संगठन को भेजी गई हों, लेकिन इस बिंदु पर जांच होना जरूरी है। इसके लिए पुलिस से भी कहा गया है। इस पर एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि ड्रग तस्करी के सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।