आगरा में लोहामंडी थाना के सामने स्थित रत्न मुनि जैन इंटर कालेज के शिक्षक पर कक्षा छह के छात्र ललित की पिटाई लगाने का आरोप है। परिवारीजनों का कहना है कि शिक्षक ने ललित को फर्श पर पटक दिया। इतने से भी मन नहीं भरा तो डंड से भी पिटाई लगाई।
ललित बेहोश हो गया। यह देखकर स्कूल प्रशासन के लोग उसे चिकित्सक के पास ले गए। घटना की जानकारी पर आए परिवारीजनों ने स्कूल में हंगामा किया। थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि आगरा में राज नगर, लोहामंडी निवासी राजकमल फर्नीचर का काम करते हैं। उनका बेटा ललित (12) सोमवार को स्कूल गया था। उसकी मां सुनीता का आरोप है कि पांचवें पीरियड में ललित टायलेट के लिए गया था। हॉल की तरफ कुछ बच्चों को ड्रेस का वितरण किया जा रहा था। यह देखकर वह भी हॉल की तरफ जाने लगा।
उसके साथ ही साथी छात्र सुमित, विकास भी थे। तभी शिक्षक प्रहलाद शर्मा आ गए। यह देखकर सभी कक्षा में आ गए। आरोप है कि शिक्षक कक्षा में आकर छात्रों का नाम पूछने लगे। कुछ छात्रों ने बता दिया। इस पर सुमित और विकास की पिटाई लगा दी। बाद में ललित को पकड़ लिया। उसे बेंच से उठाकर फर्श पर पटक दिया। डंडे से भी पीटा। इससे ललित की हालत बिगड़ गई।