आवास विकास कालोनी के सेक्टर 11 में शिक्षिका विमलेश के साहस के आगे बदमाशों को भागना पड़ा। बदमाशों ने उन पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी लेकिन वह डरी नहीं। हालांकि, बदमाश चेन लूटकर ले गए।
प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका विमलेश रविवार सुबह 10:45 बजे घर के बाहर बैठी थीं। तभी हरे रंग की टीशर्ट पहने एक बदमाश आया। उसने चेन लूट ली। शोर मचाने पर उनका मुंह दबा दिया। उन पर तमंचा तान दिया। मौका देख शिक्षिका ने ईंट उठा ली। बदमाश ने गोली मारने की धमकी दी, लेकिन वो डरी नहीं और ईंट लेकर बदमाश के पीछे दौड़ी। पास ही एक अन्य बदमाश काले रंग की करिज्मा स्टार्ट करके खड़ा था। बदमाश बाइक पर बैठकर भागने लगे। विमलेश ने बाइक का नंबर नोट कर लिया। शोर सुनकर विमलेश के बेटे पारस और अन्य लोगों ने बाइक का नंबर लेकर उनकी तलाश शुरू की। बदमाश सेक्टर सात स्थित जैन मंदिर पर बाइक खड़ी करके पैदल गलियों में होकर भाग गए। चीता मोबाइल भी पहुंच गई।
खराब मिला जैन मंदिर का कैमरा
पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए जैन मंदिर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। हालांकि गेट के बाहर लगा कैमरा खराब मिला। दो अन्य कैमरों में फुटेज नहीं आईं।
एमजी रोड पर भी महिला से चेन लूट
अशोक विहार कालोनी, शाहगंज निवासी अजय सागर रविवार दोपहर दो बजे पत्नी विनीता के साथ स्कूटर से शाह मार्केट जा रहे थे। एमजी रोड पर शाह मार्केट के लिए टर्न लेते हुए भगवान टाकीज की ओर से आते बदमाशों ने विनीता के गले से चेन तोड़ ली और हरीपर्वत की ओर भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।