आगरा में सिकंदरा क्षेत्र के होटल देह व्यापार के लिए कुख्यात हैं। हाल ही में एक और होटल में देह व्यापार की शिकायत एसपी सिटी से की गई है। लोगों का आरोप है कि होटल संचालक को थाना क्षेत्र की पुलिस का संरक्षण है। क्षेत्र के लोगों के विरोध करने पर मारपीट की जाती है।
आगरा में सिकंदरा क्षेत्र के बाई का बाजार के लक्ष्मण, सोनू, सोबरन, उम्मेद सिंह, धर्मपाल, मोहन, रवि सहित 20 से ज्यादा लोगों ने शनिवार को एसपी सिटी आफिस में शिकायती पत्र दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी इस होटल में देह व्यापार पकड़ा गया था। इसके बावजूद फिर से होटल शुरू हो गया।
पुलिस से शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। तीन दिन पहले होटल के बाहर खड़े होकर शराब पी रहे युवकों को क्षेत्र में रहने वाले सिपाही ने टोका तो उन्होंने उनके साथ मारपीट कर दी थी। लोगों ने एक युवक, युवती को पकड़कर पुलिस को सौंपा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।