एटा में जीटी रोड पर मंगलवार शाम मां और भाई के साथ घर लौट रही किशोरी को बाइक सवार सात बदमाश खींच ले गए। आशंका सामूहिक दुष्कर्म की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस इसे रंजिशन छेड़छ़ाड़ का मामला बता रही है।
बदमाशों ने पीड़िता के भाई और मां को बंधक बनाकर मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। खबर लिखे जाने तक किसी आरोपी का पता नहीं चला था।
बागवाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी मंगलवार को अपनी मां और पिता के साथ दवा लेने के लिए एटा आई थी। पिता ऑटो से गांव चला गया जबकि किशोरी और उसकी मां दिल्ली से आ रहे भाई का इंतजार करने लगे।
दो बाइकों पर सवार थे सात बदमाश
शाम को भाई आया तो तीनों बाइक से गांव के लिए चले। नगर कोतवाली क्षेत्र में गोशाला के पास दो बाइकों पर सवार सात बदमाशों ने बाइक रुकवाई और किशोरी को खींचकर सड़क से नीचे गड्ढे में ले गए।
चार बदमाशों ने भाई और मां को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद सभी ने किशोरी के कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान किशोरी और उसकी मां बेहोश हो गईं। बदमाशों के भागने के बाद भाई की चीख-पुकार सुन लोग पहुंचे।
सूचना पर पहुंची पुलिस किशोरी, उसकी मां और भाई को जिला अस्पताल लेकर आई। एसएसपी सुनील कुमार सिंह और एएसपी संजय कुमार भी पहुंचे और सर्च आपरेशन चलवाया। देर रात तक बदमाशों का सुराग नहीं लग सका था।
बेहोश पड़ी मिली किशोरी
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो किशोरी बेहोश पड़ी मिली। पुलिस मामले को छेड़छाड़ और अगवा करने का मान रही है। पुलिस ने मामले में गांव की पुरानी रंजिश होने का शक भी जाहिर किया है।
घटना के संबंध में एएसपी संजय कुमार ने बताया कि किशोरी से छेड़छाड़ की गई है। कपड़े फटे मिले हैं। मामले की जांच चल रही है। जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।