फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी समर्थकों ने घेरा डौकी थाना, हंगामा

Fri, 05 Feb 2016 01:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, आगरा/फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
डौकी ब्लाक से पांच क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) के अपहरण के मामले में नामजद ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी गीता सिंह के पति लाखन सिंह सहित सात लोगों को बुधवार देर रात हिरासत में ले लिया गया। इसकी जानकारी पर बड़ी संख्या में प्रत्याशी के समर्थक थाने पर जुट गए। गुरुवार सुबह समर्थकों ने हंगामा किया। विधायक धर्मपाल सिंह भी पहुंच गए। कुछ देर बाद सभी बीडीसी भी खुद ही थाने आ गए। मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज होने के बाद ही लाखन सिंह को छोड़ा गया। इसके बाद ही समर्थक थाने से हटे।
विज्ञापन

बरौली अहीर विकास खंड के पांच बीडीसी भूदेवी, शंकर लाल, जितेंद्र, अरब सिंह और जयप्रकाश के अपहरण में उनके परिवारीजनों ने लाखन सिंह, उनके बेटे रोहतान सिंह, गीता देवी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जय प्रकाश, शंकरलाल और भूदेवी के अपहरण के मामले में बुधवार को मुकदमा दर्ज हुआ था। सीओ फतेहाबाद अशोक कुमार सिंह ने तकरीबन रात एक बजे निबोहरा, सदर, डौकी थाना, बमरौली कटारा चौकी पुलिस के साथ लाखन सिंह सहित सात लोगों को घर पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी पर थाने आए समर्थकों का कहना था कि लाखन सिंह को झूठा फंसाया गया है। उन्होंने किसी का अपहरण नहीं किया है। थाने पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी होने लगी।
इस पर कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी बुला ली गई। एसपीआरए अखिलेश सिंह, एसडीएम जेपी सिंह भी आ गए। बाद में एत्मादपुर से विधायक डा. धर्मपाल सिंह ने थाने पर अफसरों से बात की। सुबह 10 बजे लाखन सिंह ने मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया। कुछ देर बाद सभी बीडीसी थाने पर पहुंच गए। पुलिस ने उनके भी बयान दर्ज किए। इसके बाद उन्हें घरवालों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। एसपीआरए ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुछ बीडीसी स्वेच्छा से गए थे, जबकि कुछ ने अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। फिलहाल, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लाखन सिंह और उनके रिश्तेदारों को छोड़ दिया गया। बताते चलें कि बरौली विकास खंड में ब्लाक प्रमुख पद के लिए लाखन सिंह की पत्नी निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
विज्ञापन

लाखन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस पर लाखन सिंह ने बीडीसी के अपने पास होने की बात स्वीकार की। बाद में लाखन सिंह के समर्थक ही इन्हें लेकर थाने पर आए। यहां बीडीसी के बयान कर उन्हें पुलिस सुरक्षा में घर भेज दिया गया। बीडीसी ने अपनी मर्जी से जाने की बात कही।
अशोक कुमार, सीओ फतेहाबाद
ब्लॉक प्रमुख चुनाव कहीं और कराने की मांग
फतेहाबाद। बरौली अहीर के ब्लॉक प्रमुख चुनाव को किसी अन्य जगह करवाने की मांग लाखन सिंह, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह, शिव कुमार, हरिओम ने की है। उनका कहना है कि सत्ता पक्ष के लोग गड़बड़ी कर मतदान को प्रभावित कर सकते हैं।
कठवारी से कार सवारों ने बीडीसी को किया अगवा
किरावली। विकास खंड अछनेरा के गांव कठवारी निवासी करतार ने बताया कि उनकी पत्नी गजना देवी वार्ड नंबर 82 से क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। वह दिव्यांग भी हैं। आरोप लगाया कि बुधवार शाम छह बजे ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी के पति सपा का झंडा लगी दो गाड़ियों में आए। इसके बाद गजना देवी को कार में व्हील चेयर सहित उठाकर ले गए। विरोध करने पर गालीगलौज की। करतार सिंह ने एसएसपी से शिकायत की। सीओ अछनेरा विजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें