लेडी लायल में प्रसूताओं से स्टाफ कर रहा वसूली
- फोटो : अमर उजाला
महिला जिला अस्पताल (लेडी लायल) में प्रसूताओं से नर्सिंग स्टाफ उगाही कर रहा है। प्रसव बाद तीमारदार से 500 रुपये मांगने की शिकायत के बाद अस्पताल स्टाफ की नींद टूटी। आरोपी स्टाफ को प्रसव कक्ष से हटाने के साथ ही जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई है।
नंदलाल पुर, खंदौली निवासी विमला का आरोप है कि उनकी पुत्रवधू योगिता पत्नी सुरेंद्र का बीते रविवार को प्रसव हुआ। नवजात को स्टाफ नर्स ने गोद में ले लिया और परिवारीजनों से 500 रुपये की मांग की। पीड़िता ने बताया कि स्टाफ को 100 रुपये दिए तो भी शिशु को नहीं दिया, पूरे 500 रुपये लिए। बुधवार को डिस्चार्ज कराने गए फिर 100 रुपये की मांग की, सफाई कर्मचारी ने 50 रुपये लिए। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से इसकी शिकायत करते ही अन्य तीमारदार भी जुट गए। हंगामा करते हुए सभी ने रुपये मांगने का आरोप लगाया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. आशा शर्मा ने बताया कि प्रसव बाद रुपये मांगने की शिकायत मिली है, लिखित में मांगा गया है। विमला की शिकायत पर जांच के लिए कमेटी बना दी है। आरोपी स्टाफ को प्रसव कक्ष की ड्यूटी से हटा दिया गया है। शिकायतकर्ता को रुपये भी दिलवा दिए हैं।