रोशन मोहल्ला के कपड़ा बाजार में गुरुवार शाम दूसरे समुदाय के युवकों ने कपड़ा व्यापारी के कर्मचारी और एजेंट के साथ मारपीट की। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। व्यापारियों के एकजुट होने पर युवक भाग निकले।
व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। तनाव की स्थिति बन गई। सीओ कोतवाली मनीषा सिंह ने बताया कि अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। बाजार में फोर्स तैनात है।
बाजार में अमरनाथ अग्रवाल की रामा ट्रेडिंग कंपनी है। विश्व हिंदू परिषद के महानगर प्रमुख राजेंद्र गर्ग ने बताया कि शाम तकरीबन छह बजे लोहामंडी का एक युवक कपड़े खरीदने आया था।
यह युवक लोहामंडी स्थित एक कपड़े की दुकान में कर्मचारी है। वह रामा ट्रेडिंग कंपनी के सामने स्कूटर खड़ा करने लगा। कंपनी के कर्मचारी पंकज ने रोका तो उससे मारपीट कर दी। इसके बाद फोन करके अपने 8-10 साथियों को बुला लिया। सभी ने पंकज पर हमला कर दिया। ये देख एजेंट लालचंद पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में व्यापारी एकजुट हो गए और बाजार बंद कर दिया। तभी हमलावर युवक भाग निकले। जानकारी पर व्यापारी नेता टीएन अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, ताराचंद गोयल, पीयूष गोयल, ललित गर्ग नेे थाना कोतवाली में शिकायत की।