छह दिन पहले बाह से अगवा कक्षा नौ की छात्रा को आगरा में अलग-अलग स्थानों पर रखकर रेप किया गया। बाह पुलिस ने उसे बरामद करने के साथ ही एक युवक को भी पकड़ लिया है। छात्रा ने बताया कि स्कूल जाते समय टेंपो सवार दो युवकों ने उसे अगवा कर लिया था। आगरा में उसके साथ रेप किया गया। पुलिस छात्रा का मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश करेगी।
बता दें कि कस्बा के एक मोहल्ले की कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा छह दिन पहले घर से स्कूल गई थी। उसके घर न लौटने पर तीन युवकों के खिलाफ परिवारीजनों ने बाह थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। शनिवार की रात पुलिस ने अगवा छात्रा को बरामद कर लिया। उसके साथ एक युवक को भी पकड़ा गया है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि स्कूल जाते समय टेंपो सवार दो युवक उसे बेहोश कर अगवा कर ले गए थे। उसे आगरा में अलग-अलग स्थानों पर रखकर रेप किया गया। पुलिस दूसरे युवक की तलाश कर रही है। सोमवार को छात्रा का मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल उसे महिला थाना आगरा भेज दिया गया है।
-------
सहपाठी ने किया छात्रा से दुष्कर्म
पिनाहट। थाना मनसुखपुरा क्षेत्र के एक गांव में साथ पढ़ने वाले युवक ने कक्षा 11 की छात्रा (17) के साथ उसके ही घर में घुसकर दुष्कर्म किया। रविवार शाम लगभग छह बजे हुई घटना के दौरान छात्रा के पिता और उनकी मां गांव में किसी काम से गए थे। तभी मौका पाकर सहपाठी युवक घर में घुस गया। छात्रा के पिता घर लौटे तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल सूचना पुलिस को दी। एसओ मंसुखपुरा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। छात्रा के पिता की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।