लखनऊ में तैनात रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को आगरा पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके पीछे जो वजह बताई, उसे जानकर पुलिसवाले भी हैरान रह गए। अधिकारी ने कहा कि एक महिला दोस्त से उनको जान का खतरा है।
पुलिस ने जब इस संबंध में उनसे जानकारी जुटाई तो वो बयान बदले लगे। कभी पत्नी से खुद को खतरा बताते तो कभी रेलवे के अधिकारियों से। गुरुवार सुबह अधिकारी के परिजन आ गए। वे बिना शिकायत दर्ज कराए उन्हें अपने साथ ले गए।
मूलरूप से राजस्थान के जोधपुर निवासी रेलवे अधिकारी बुधवार को आगरा आए थे। रात को वो थाना हरीपर्वत पहुंचे। उन्होंने पुलिस से कहा कि महिला दोस्त उनकी हत्या करना चाहती है। उन्होंने लखनऊ के एक पत्रकार पर भी आरोप लगाया।
जब पुलिस ने पूछताछ की तो रेलवे अधिकारी अपने बयान बदलने लगे। शिकायत दर्ज होने से पहले अधिकारी के परिजन जोधपुर से आ गए। परिजनों ने रेलवे अधिकारी को मानसिक रूप से बीमार बताया। उन्होंने शिकायत दर्ज करने से भी इंकार कर दिया।