खेरागढ़। ऊंटगिर रोड स्थित डाक्टर रामबाबू मित्तल के घर पर गुरुवार सुबह पांच बदमाशों ने डकैती डालने का प्रयास किया। घर में शोर सुनकर ग्रामीणों ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। तीन बदमाश बाइक से भाग गए, जबकि दो खेतों से होेकर भागने लगे। ग्रामीण पीछे लग गए। बाद में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने भी जवाब में कई राउंड फायरिंग की। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए दोनों बदमाशों को पकड़कर जमकर पीटा और अधमरा कर दिया। पुलिस ने बमुश्किल उन्हें बचाया।
बदमाशों ने रामबाबू को पकड़ लिया था। तभी उनकी पत्नी ऊषा देवी आ गई। बदमाशों ने उनसे जेवरात और कैश के बारे में पूछा। जानकारी न मिलने पर मारपीट करने लगे। उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया लेकिन उन्होेंने किसी तरह भागकर शोर मचा दिया। बस फिर क्या था। सैंकड़ों ग्रामीण आ गए। बदमाश भागने लगे। उनका पीछा कर खेतों में घेराबंदी कर दी। पुलिस भी पहुंच गई। बदमाशों और पुलिस ने गोली चलाई। जब बदमाशों की गोलियां खत्म हो गई तो गांव वालों ने दो बदमाश पकड़ लिए। उन्हें पीट पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने बमुश्किल उनको छुड़ाया। इसके बाद थाने ले गई। गुस्साए ग्रामीणों ने कागारौल चौराहे पर जाम लगा दिया। व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस एसपीआरए बबीता साहू, सीओ राजेंद्र कुमार पहुंच गए। उन्होंने बदमाशों की धरपकड़ का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद ही जाम खुल गया।
मुरैना के हैं बदमाश, प्रतिबंधित बोर की पिस्टल मिली
पकड़े गए दोनों बदमाशों ने अपने नाम सोनू उर्फ श्याम सिंह तोमर चिंते का पुरा, थाना दिमनी (मुरैना) और ढोलू पंडित निवासी गिलापुरा, थाना अंबाह, मुरैना बताया। वहीं फरार साथियों में बंटी, शेरू और पप्पू शर्मा हैं। उनकी तलाश के लिए टीम का गठन किया गया। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ में जुटी है। उनके पास से प्रतिबंधित .9 एमएम की दो पिस्टल भी बरामद हुई है। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहले भी बदमाश आए थे
कुछ ग्रामीणों की मानें तो डाक्टर के घर में कुछ माह पहले भी कुछ बदमाश आए थे। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर भाग निकले थे। डाक्टर ने इसकी जानकारी पुलिस को भी नहीं दी थी।
पूर्व विधायक पहुंचे
पूर्व विधायक अमर सिंह परमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे, जहां डाक्टर रामबाबू मित्तल और उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस से फोन कर जल्द मामले को खोलने की मांग की।
वारदात : 2
ग्रामीणों ने दबोचे चार चोर, जमकर धुने
मलपुरा। नगला जयराम में चार घरों से सामान चोरी करके भागते चोरों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। उनकी जमकर धुनाई लगाने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
चौकी अकोला के गांव नगला जयराम में सुबह तकरीबन चार बजे एक आटो खड़ा हुआ था। उसमें दो लोग बैठे थे। दो और कुछ देर बाद आ गए। उनके हाथों में सबमर्सिबल, केबल आदि लगी हुई थीं। शौच के लिए जा रहे लोगों को शक हो गया। उन्होंने पूछताछ शुरू कर दी। कुछ ही देर में काफी संख्या में ग्रामीण आ गए। आटो सवारों ने भागने का प्रयास किया। ग्रामीणों को बदमाशों का शक हो गया। इस पर ग्रामीणों ने चार बदमाशों को पकड़ लिया। माल के बारे जानकारी नहीं दे सके। इस पर लोगों ने उनकी जमकर धुनाई लगाई। सूचना पर चौकी पुलिस भी आ गई। पूछताछ में चोरों ने गांव के नलकूपों से चोरी की बात कबूली। ग्रामीण कुंवर स्वरूप, विशंभर, जयपाल और ओमप्रकाश के घर से सामान चोरी किया था।
ट्रैक्टर एजेंसी पर बदमाशों का धावा, फायरिंग
आगरा। जगदीशपुरा स्थित बिचपुरी रोड पर बुधवार की रात बदमाशों ने आयशर ट्रैक्टर एजेंसी पर धावा बोला। शटर तोड़ने की आवाज सुनकर गार्ड ने शोर मचाया तो बदमाश फायरिंग करके भाग निकले। गार्ड की सूचना पर एजेंसी मालिक ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। सूचना देने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची।
मघटई निवासी वीरेंद्र अग्रवाल का बिचपुरी रोड पर शक्ति फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। सोमवार को उन्होंने पंप के नजदीक आयशर ट्रैक्टर की एजेंसी का शुभारंभ किया था। यहां सिक्योरिटी गार्ड गुड्डू रहता है। बुधवार रात तकरीबन ढाई बजे पांच-छह बदमाश एजेंसी के शटर को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। खटपट की आवाज सुनकर गुड्डू पहुंचा और बदमाशों को देख शोर मचा दिया। पंप के भी कुछ कर्मचारी भी आ गए। बदमाशों ने फायरिंग की और भाग निकले। सूचना पर पंप मालिक अपना लाइसेंसी हथियार लेकर आ गए। उन्होंने बदमाशों का पीछा भी किया मगर वह हाथ नहीं आ सके।
टेंट स्वामी के घर लाखों की चोरी
आगरा। शाहगंज के ख्वासपुरा में टेंट व्यवसायी के घर में बुधवार रात चोरों ने 5.80 लाख नगदी और दो लाख रुपये के जेवरात साफ कर दिए। पुलिस ने मौका मुआयना किया। व्यवसायी की बेटी की चार दिन बाद बरात आनी है।
ख्वासपुरा निवासी मिजाजुद्दीन का कमाल खां में टेंट हाउस है। उन्होंने बताया कि घर में बेटी मेहरुन्निसा की शादी की तैयारियां चल रही हैं। 27 को जलेसर से बारात आनी है। बुधवार को महिला संगीत का कार्यक्रम था। रात तकरीबन 12 बजे तक कार्यक्रम चला। इसके बाद सभी लोग छत पर सो गए। रात में चोर घर में पुताई कराने को लगाई गई पाड़ के सहारे अंदर आए। इसके बाद अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर चोरों ने शादी के लिए रखे 5.80 लाख कैश और दो लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण साफ कर दिए। तड़के चोरी की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित ने थाना शाहगंज में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरी में आसपास के व्यक्ति का हाथ है।