आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 11 मेें बीएस इंटर कॉलेज, आंवलखेड़ा के संचालक प्रेमवीर मिश्रा की बहादुर पत्नी प्रेमलता ने घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों का 15 मिनट तक अकेले दम पर जमकर मुकाबला किया। उन्हें लात-घूंसों से पीटा, उन पर कुर्सी फेंकी, एक ने बाल पकड़े तो सिर झटककर उसे जमीन पर गिरा दिया। लुटेरों को दिन में तारे नजर आ गए लेकिन प्रेमलता इतनी बहादुरी दिखाने के बावजूद बदमाशों की संख्या ज्यादा होने के चलते अपने गहने लुटने से बचा न पाईं।
वारदात गुरुवार दोपहर 11.15 बजे की है। उस वक्त प्रेमलता और उनकी बेटी पलक ही घर पर थीं। पति कॉलेज गए थे, बड़ा बेटा ड्यूटी पर और छोटा कोचिंग। बदमाश घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और प्रेमलता को पकड़ लिया। उन्होंने अपनी परवाह न करते हुए पलक से बाथरूम में ही रहने के लिए कहा। वह उस वक्त नहा रही थी। इसके बाद खुद को छुड़ाते हुए बदमाशों पर मेकअप बॉक्स फेंककर मारा। बदमाशों ने उन्हें पकड़कर उनका सिर दीवार मेें मारा। वह घायल हो गईं लेकिन हिम्मत नहीं हारी। उठी और बदमाशों पर लात-घूंसे चलाने लगीं। एक ने बाल पकड़े तो उसे सिर झटककर जमीन पर गिरा दिया। संघर्ष 15 मिनट तक चला। इसके बाद एक बदमाश ने उनका मुंह तकिए से दबा दिया। बाकी ने उनके हाथ-पैर बांध दिए। उनके मुंह में बेहोशी की दवा डालने की कोशिश भी की गई। इसके बाद उनसे कुंडल, चेन और दो अंगूठी लूट ली। तभी गेट पर आहट हुई, तो बदमाश भाग खड़े हुए। इसके बाद 15 मिनट तक प्रेमलता के शोर मचाने पर पड़ोसी सीएम पवार पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, सीओ अशोक कुमार सिंह सिकंदरा थाने की फोर्स के साथ आ गए।
बाक्स
‘बंदर’ से डरकर भागे बदमाश
प्रेमलता ने बताया कि जब बदमाशों ने उनके हाथ पैर बांध दिए थे, तभी मुख्य दरवाजे को एक बंदर ने जोर-जोर से हिलाना शुरू कर दिया। बदमाशों को लगा कि कोई गेट खटखटा रहा है। इस पर वे डर गए। वह छुपने की कोशिश करने लगे। जब उन्हें कोई नजर नहीं आया तो तेजी से बाहर निकलकर भाग गए। लोगों ने बताया कि यह बंदर अक्सर लोगों के दरवाजों पर ऐसे ही चहलकदमी करता है। इस कारण दीवार पर खाना रख देते हैं। अगर, वह नहीं आता तो बदमाश प्रेमलता को बेहोश करने के बाद बड़ी वारदात कर सकते थे।
बाक्स
पांच महीने में दूसरी वारदात, दहशत
सेक्टर 11 में ही प्रेमवीर मिश्रा के पड़ोसी जलनिगम के जूनियर इंजीनियर जयपाल सिंह के घर में 23 अप्रैल को हथियारबंद पांच बदमाशों ने डकैती डाली थी। बदमाशों ने इंजीनियर की पत्नी और दो बेटियों को कमरे में बंद कर लाखों रुपये का माल लूट लिया था। घटना का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। दूसरी वारदात से लोग दहशत में हैं।
बाक्स
स्कूल में सीखे कराटे आए काम
प्रेमलता यूं ही बदमाशों से नहीं भिड़ गईं थी। उन्होंने जयपुर में स्कूल की पढ़ाई के दौरान कराटे सीखे थे। इसके साथ ही बैडमिंटन और हार्स राइडिंग में स्टेट लेबल की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुकी हैं। उनके साहस को लोगों ने सराहा।
‘मोबाइल खरीदना है, इसलिए की लूट’
एक बदमाश पेंट और टीशर्ट पहने था, जबकि दो जींस-टीशर्ट। वारदात के दौरान उन्होंने कुछ नहीं बोला। मगर, जाते वक्त कह गए कि उन्हें मोबाइल खरीदना है, इसलिए लूट की है।