फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रापर्टी डीलर के परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट

Fri, 14 Aug 2015 01:44 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
 शहर में बेखौफ बदमाशों ने एक और वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। न्यू आगरा क्षेत्र के धनीराम वाटिका कालोनी में गुरुवार सुबह प्रापर्टी डीलर धर्मवीर सिंह के घर में पिस्टल, चाकू और हंसिया लेकर घुसे बदमाशों ने परिवार के पांच सदस्यों को बंधक बना लिया। सात लाख के जेवरात और नकदी के अलावा रिवाल्वर लूटकर फरार हो गए। एसएसपी राजेश डी मोड़क ने मौका मुआयना किया।
विज्ञापन

धर्मवीर सिंह सुबह 10:45 बजे पत्नी भूरा देवी, बेटे मुनेंद्र और बेटी शिवानी के साथ ड्राइंग रूम में बैठे थे। छोटा बेटा रोहित नहाने गया था। तभी तीन बदमाश दनदनाते हुए घुसे। एक बदमाश घर के बाहर खड़ा रहा। एक ने स्वाफी से चेहरा ढक रखा था, जबकि दो बदमाश पगड़ी पहने थे। भूरा देवी ने पूछा तो एक ने कहा कि धर्मवीर कहां हैं, उनसे मिलने आए हैं। मना करने पर भी तीनों घुस आए। एक ने चाकू निकालकर धर्मवीर के सीने पर लगा दिया। दूसरे ने मुनेंद्र को पकड़ा। तीसरे बदमाश ने पिस्टल तानकर मां-बेटी को कब्जे में ले लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। धर्मवीर और उसके दोनों बेटों के हाथ टेप से बांध दिए। सभी को बेडरूम में ले जाकर बंधक बना लिया।
इसके बाद भूरा देवी के गहने उतरवा लिए। अलमारी की चाभी लेेकर गहने और नकदी लूट ली। अलमारी की दराज में रखी रिवाल्वर भी निकाल ली। तीन मोबाइल भी लूट लिए। 15 मिनट तक लूटपाट करने के बाद सभी को कमरे में बंद करके भाग निकले। शोरशराबा करने पर धर्मवीर के पड़ोस में रहने वाले भाई भूपेंद्र पहुंचे। सूचना पर थाना न्यू आगरा और थाना सिकंदरा की फोर्स पहुंची। परिवारीजनों के मुताबिक, बदमाश तीन लाख रुपये, 15 तोला सोने के जेवरात ले गए।  
विज्ञापन


परिचित ने की रेकी, लूटने आए थे 10 लाख कैश
बदमाशों ने रेकी करके वारदात को अंजाम दिया है। इसमें किसी परिचित का हाथ होने का शक है। धर्मवीर ने बताया कि हाल ही में उन्होंने एक जमीन बेची थी। इसके तीन लाख रुपये घर में रखे थे। जब बदमाश आए तो उन्होंने सबसे पहले इसी रकम के बारे में पूछा, लेकिन वह दस लाख मांग रहे थे। कहने लगे कि तूने दस लाख रुपये का प्लाट बेचा है। जल्दी से सारा माल निकाल दे। इससे पता चलता है कि बदमाश घर के बारे मेें पूरी जानकारी रखते थे। कालोनी में एक बदमाश बाइक लेकर दूर खड़ा रहा। उसे जब कालोनी में रहने वाले धर्मवीर के भाई महिपाल ने टोका तो वह कुछ नहीं बोला। अन्य तीन बदमाशों ने घर के बाहर ही अपनी बाइक खड़ी की थी।

पड़ोसी महिला के आने पर शिवानी को बनाया ढाल
जिस वक्त बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे थे, उसी समय एक महिला ने भूरा देवी को आवाज दी। इस पर बदमाश हड़बड़ा गए और धर्मवीर के गले पर हंसिया लगा दी। शिवानी को गैलरी के गेट पर भेजा। एक बदमाश उसके पीछे चाकू लेकर खड़ा रहा, जिससे वह कुछ बोल न सके। शिवानी ने महिला को लौटा दिया।

लुटेरे बोले, सॉरी! हमारी भी कुछ मजबूरी है..
घर से लूटपाट करके जाते बदमाश सॉरी बोलकर आए। उन्होंने कहा कि हमारी भी मजबूरी है। बाहर से बंद करके जा रहे हैं। तुम्हें कोई न कोई खोल देगा। एक काला कपड़ा भी छोड़कर चले गए।

बदमाशों के बनाएंगे स्केच
परिवारीजनों के मुताबिक, एक बदमाश 25 साल की उम्र का था, जबकि दो बदमाश 30-35 की उम्र के थे। वह सरदार थे। तीनों आपस में बातचीत हिंदी में ही कर रहे थे। पुलिस बदमाशों के स्केच तैयार कराएगी। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के बारे में भी पड़ताल में जुटी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें