'मैं संजय प्लेस में अपने दफ्तर के बाहर खड़ा था, तभी चौकी प्रभारी राजीव सोलंकी और सिपाही आकर बोले - तू बॉबी सटोरिया है, चल थाने चल... और मेरा गिरेबान पकड़कर थाने तक ले गए, वहां एसएसआई ने मुझे देखते ही कहा कि यह तो पुलिस का सहयोगी है, इसने थाने में इंटीरियर का काम किया है, तब मुझे छोड़ा...' यह शिकायत इंटीरियर डिजाइनर लवी जैन ने शुक्रवार को एडीजी जोन अजय आनंद से की। एडीजी ने एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद को मामले की जांच सौंपी है।
गिरेबान पकड़कर ले गए, रास्ते में किया बेइज्जत
लवी जैन ने बताया कि उनका घर संजय प्लेस में है। वहीं पास में ही दफ्तर है। गुरुवार की रात तकरीबन आठ बजे वह अपनी दुकान के बाहर एक व्यापारी के साथ कार में बैठे थे। तभी चौकी प्रभारी संजय प्लेस राजीव सोलंकी और सिपाही कर्मवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी आ गए। उन्हें कार से बाहर निकाल लिया। इसके बाद कार की तलाशी ली।