आगरा में अजमेर से प्रयागराज जा रही जायरीन की बस को रोककर बदमाशों ने लूटने की कोशिश की। उधर, से गुजर रहे किरावली चौकी के पुलिस दल को देखकर बदमाश भागे। लेकिन ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। हालांकि तीन लोग भाग निकले। पुलिस ने इनके पास से एक बाइक भी बरामद की है।
घटना आगरा-जयपुर हाईवे पर गांव महुअर पुल के पास शुक्रवार दोपहर को हुई। जिला जौनपुर के खुटहन गांव निवासी बस चालक पारस ने बताया कि वह बस से जायरीन लेकर एक मार्च को प्रयागराज से अजमेर शरीफ गया था। बस में 50 सवारियां हैं।
शुक्रवार को बस अजमेर से लौट कर वापस प्रयागराज जा रही थी। आगरा-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार की दोपहर करीब साढे़ 12 बजे थाना अछनेरा के गांव महुअर पुल पर दो बाइक से आए पांच बदमाशों ने बस को रोक लिया। बदमाश चालक से बस को पुल के नीचे ले जाने के लिए दबाव बना रहे थे।