आगरा क्लब में व्यवसायी की शादी के दौरान शुक्रवार रात तकरीबन 12 बजे नौ लाख रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया गया। सूचना पर सीओ सदर असीम चौधरी फोर्स के साथ पहुंचे। लोगों ने क्लब के बाहर मोबाइल पर बात करते एक युवक को शक होने पर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
ईदगाह कालोनी निवासी आदित्य विक्रम वर्मा का धौलपुर हाउस में टोडलर्स शौपी नाम से रेडीमेड कपड़ों का शोरूम है। शुक्रवार को आगरा क्लब में उनका शादी समारोह था। उनके पिता उपेंद्र वर्मा ने बताया कि उनके ससुर उमाशंकर वर्मा रुपयों से भरा बैग लिए थे। उमाशंकर रात में बैग उन्हें दे गए। वह पंडाल के गेट के पास सोफे पर बैग रखकर आने-जाने वालों का स्वागत करने लगे। अचानक बैग चोरी हो गया। उन्होंने शोर मचाया। काफी तलाशने के बाद भी बैग नहीं मिला। उपेंद्र ने बताया कि बैग में एक लाख रुपये के अलावा तकरीबन 600 लिफाफे (इसमें तकरीबन आठ लाख रुपये) रखे थे। एसपी सिटी सुशील घुले ने बताया कि वारदात के खुलासे को टीम लगाई है।
नहीं थे सीसीटीवी कैमरे
उपेंद्र ने बताया कि आगरा क्लब मैदान में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। इसके अलावा गेट पर भी कैमरा नहीं था। इस कारण चोरी करने वालों के फुटेज नहीं मिल सके हैं।
बच्चे करते हैं वारदात
पुलिस के मुताबिक, ज्यादातर वारदात मेें बच्चे शामिल रहते हैं। गिरोह के सरगना और अन्य साथी शादी समारोह स्थल के बाहर मौजूद रहते हैं। वह बच्चों (लड़के या लड़कियां) को अच्छे कपड़े पहनाकर शादी में भेजते हैं। बच्चों पर कोई नहीं करता है।
इन बातों का रखें ध्यान
- दुल्हन और दूल्हे के परिवारीजनों के पास आने वाले अनजान बच्चों से सावधान रहें।
- मैरिज होम और होटल में आयोजन करने से पहले उनके कर्मचारियों की जानकारी लें।
- आयोजन स्थल पर चौकीदार और सीसीटीवी कैमरा लगा होना आवश्यक हो।
- किसी अनजान बच्चे या अन्य को शादी में देखते हैं तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।