यौन शोषण केस में पुलिस को पांच और छात्रों के नाम, पते तथा मोबाइल नंबर मिल गए हैं। इन सभी की ट्यूटर बहनों के साथ अश्लील तस्वीरें भी मिली हैं। इनमें से दो छात्र उनके पड़ोस यानी कचहरी घाट क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। इनके हरीपर्वत क्षेत्र का एक और छात्र है।
न्यू आगरा के दो छात्र हैं, जो सगे भाई हैं। पुलिस इन सभी छात्रों से पूछताछ करेगी। अगर ये शिकायत देते हैं, तो इनके मामले भी जांच में शामिल कर लिए जाएंगे। इनसे भी लाखों रुपये ठगे गए हैं।
हरीपर्वत क्षेत्र के रहने वाले कक्षा दस के 15 वर्षीय छात्र का यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला पहले ही सामने आ चुका है। इसमें ट्यूटर बहनों और उनके भाई के खिलाफ एफआईआर है। भाई जेल भेजा जा चुका है।
उसके घर से कार, स्कूटी समेत काफी कीमती सामान मिला था। आरोप है कि यह समान छात्र से की गई 30 लाख की ठगी की रकम से खरीदा गया। बुधवार को पुलिस ने छात्र के पिता से इस मामले में और साक्ष्य देने के लिए कहा।
उन्होंने पुलिस को पांच और छात्रों के नाम, पते तथा मोबाइल नंबर दिए। ये छात्र भी यौन शोषण तथा ब्लैकमेलिंग के शिकार बताए गए हैं। हरीपवर्त के थाना प्रभारी निरीक्षक जयकरण सिंह का कहना है कि सभी छात्रों से पूछताछ की जाएगी।
गोवा में जाते थे पिकनिक के लिए
पुलिस की जांच में आया है कि छात्रों का यौन शोषण कर उन्हें ब्लैकमेल करने के आरोपी ट्यूटर भाई बहन मौज मस्ती में कोई कसर नहीं छोड़ते थे। अपने दोस्तों के साथ साल में कम से कम दो बार पिकनिक के लिए गोवा जाते थे। वहां आलीशन होटलों में रहते थे। शराब और सिगरेट पीना उनका शौक नहीं, आदत बन चुकी थी।
पूरी बोतल गटक गई ट्यूटर
पुलिस को पीड़ित छात्र के मोबाइल से एक सेल्फी मिली है। इसमें वह महिला ट्यूटर को अपने हाथ से शराब पिला रहा है। वह पूरी बोतल गटक गई है। थोड़ी सी बची है। एक और फोटो में दोनों के सामने शराब की पूरी बोतल मिली है। एक और फोटो है जिसमें दोनों ट्यूटर बहने और उनका भाई भी है। सभी हुक्का पी रहे हैं। इनके साथ छात्र भी खड़े हैं।
रिश्तेदारी में छिपी हैं दोनों आरोपी
दोनों आरोपी ट्यूटर का पुलिस को कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन उनके पड़ोस के एक शख्स ने बुधवार रात करीब नौ बजे सूचना दी कि वे रिश्तेदारी में छिपी हैं। इस पर हरीपर्वत थाना से पुलिस टीम रवाना कर दी गई। दोनों ने मोबाइल में नए सिम डाल दिए हैं। ये भी पुलिस को मिल गए हैं। इनके सहारे भी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।