चार राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने साढ़े चार लाख के इनामी बदमाश साहून का शार्प शूटर बदमाश अरशद उर्फ राणा गुरुवार को तड़के इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस से कोसीकलां आउटर के पास कूदकर भाग गया।
उज्जैन पुलिस ट्रक लूट के एक मामले में अरशद को दो दिन पहले ही कस्टडी में ले गई थी। पूछताछ करने के बाद एक दरोगा और तीन सिपाहियों की कस्टडी में उसे वापस फरीदाबाद की नीमका जेल में दाखिल करने ले जाया जा रहा था।
कुख्यात अपराधी अरशद उर्फ राणा शेरगढ़ थाने के गांव विशंभरा का रहने वाला है। अरशद पिछले ढाई साल से फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद था। 22 अगस्त को ट्रक लूट के एक मामले में पूछताछ के लिए उसे उज्जैन जनपद (मध्य प्रदेश) के थाना घटिया में ले जाया गया था।
पूछताछ करने के बाद घटिया थाने के दरोगा राम सिंह चौहान और सिपाही नरेंद्र धाकड़, कुलदीप सिंह और अजय कुमार उसे वापस फरीदाबाद की नीमका जेल में दाखिल करने के इंटरसिटी एक्सप्रेस से ले जा रहे थे।