आगरा के नुनिहाई स्थित नवलगंज में शराब ठेके के कर्मचारी की हत्या कर छह लाख रुपये लूटकर फरार हुआ हसन मुंबई में पुलिस के हाथ नहीं आ सका। वह दबिश से पहले ही अपने दोस्त के घर से भाग निकला। अब पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने में लगी है। हालांकि अब उसका कोई सुराग नहीं लग पा रहा है।
19 अक्तूबर को नुनिहाई स्थित नवलगंज में देसी शराब के ठेके के बाहर शराब व्यापारी के मैनेजर सोनू की गोली मारकर हत्या कर छह लाख रुपये लूटे गए थे। बदमाश पैदल भागा था। उसका सीसीटीवी फुटेज मिल गया था। इससे पहचान सीता नगर निवासी हसन के रूप में हुई थी।
पुलिस को जांच में पता चला था कि आरोपी एक दोस्त की मदद से ग्वालियर मार्ग पहुंचा। वहां से बस पकड़कर झांसी गया। वहां से मुंबई पहुंच गया। इस पर पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच गई। पुलिस के अनुसार आरोपी हसन अपने दोस्त राजू खान के यहां गया था, लेकिन वहां पुलिस की दबिश से पहले ही वह भाग गया। एत्माद्दौला के थाना प्रभारी ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही है।
गुजरात में भी रहती है बदमाश की एक पत्नी
पुलिस की जांच में पता चला था कि हसन ने प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। गुजरात में पत्नी रहती है। पुलिस अब उसकी पत्नी के बारे में पता करेगी। पुलिस ने हसन के कई परिचितों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।