यूपी के कासगंज में थाना सिढ़पुरा के गांव किलोनी में सात वर्षीय बालिका की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। बालिका से दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बताया गया है कि गांव किलोनी की रहने वाली सात वर्षीय बालिका रविवार को सुबह अपने बाबा को ढकेल पर खाना देने के लिए गई थी। इसके बाद वह बंबे के निकट बच्चों के साथ खेलने लगी। आरोप है कि बाइक पर कुछ लोग उसको अगवा कर ले गए। बालिका जब घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों को उसकी चिंता हुई।
परिवारीजनों ने उसकी तलाश की लेकिन बालिका का कोई पता नहीं चला। परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दी और रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार को सुबह के समय बालिका का शव करनपुर भट्टा के बाहर पड़ा मिला। उसकी गला रेत कर हत्या की गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शव
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस का कहना है कि हत्यारों ने बालिका को भट्टे के अंदर मारा है। मौके से पुलिस ने प्लास्टिक का पीपा, खून व मल सना कच्छा, चाकू आदि बरामद किए। बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजने के साथ मौके से ब्लड आदि के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं। मामले को हत्या व अपहरण आदि धाराओं में तरमीम कर लिया है। सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
बलि की भी आशंका
बालिका की हत्या के मामले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बलि के लिए भी हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस तथ्य को लेकर भी अपनी जांच कर रही है।