एटा जिले के राजा का रामपुर कस्बे में शनिवार की सुबह एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने कस्बे के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में जुटी है।
16 वर्षीय किशोरी कस्बे के मोहल्ला मालियान की रहने वाली थी। उसके पिता का आरोप है कि पुत्री को शनिवार तड़के तकरीबन चार बजे कस्बा के ही सलमान पुत्र शकील और शेर खां पुत्र चमन खां घर से बहला-फुसलाकर ले गए थे। इसके बाद दोनों ने मिलकर बेटी की हत्या कर दी।
वारदात को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को बीडीआरएस इंटर कॉलेज के पीछे एक पेड़ से लटका दिया गया। सुबह लोग घूमने निकले तो किशोरी का शव लटका देखा। पेड़ से शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद काफी संख्या में लोग पहुंच गए।