मथुरा के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही अंजली यादव की मौत ने उसके माता-पिता को तोड़कर रख दिया है। परिजनों पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंजली डॉक्टर बनकर माता-पिता का सपना पूरा करना चाहती थी, लेकिन उसकी मौत से अब हर कोई स्तब्ध है।
करहल के मोहल्ला सदर बाजार निवासी दवा कारोबारी मुकेश कुमार की बेटी अंजली मथुरा स्थित केडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थी। माता-पिता की चहेती होने के साथ ही वो मेधावी थी। वो अक्सर कहा करती थी कि मां-बाप की आंखों में उसके डॉक्टर बनने का जो सपना पल रहा है, उसे वो हर हाल में पूरा करके दिखाएगी।
गुरुवार रात अंजली ने कॉलेज के मनोरंजन कक्ष में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। शुक्रवार को जैसे ही शव घर पहुंचा परिजनों में चीख पुकार मच गई। घर पहुंचे रिश्तेदार और ग्रामीण सभी की आंखें नम थीं। शुक्रवार शाम उसका अंतिम संस्कार किया गया।