सुल्तानगंज पुलिया स्थित नवज्योति बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कारोबारी के फ्लैट से गिरकर मरने वाला युवक बिजली मिस्त्री निकला। परिवारीजनों ने उसकी शिनाख्त की। उसकी हत्या की आशंका जाहिर की है। शनिवार शाम को हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
बता दें, नवज्योति बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर 302 में तरुण खंडेलवाल और उनकी मां आरती रहते हैं। शुक्रवार रात को उनके मौसा नरेश आए हुए थे। तरुण ने पुलिस को बताया था कि रात तकरीबन 10:30 बजे एक युवक उनके फ्लैट में घुस आया। मां आरती ने देखकर शोर मचाया तो वह भागने लगा। अचानक वह बालकनी से गिर गया। उसकी मौत हो गई। शनिवार को अखबारों में खबर प्रकाशित होने पर मृतक के परिवारीजन आए। उसकी शिनाख्त जीते (25) पुत्र छेदीलाल के रूप में की। उसके भाई वीरे ने बताया कि जीते बिजली मिस्त्री था। उसे किसी ने बिजली का काम करने के लिए बुलाया था। उसकी हत्या की गई है। इस पर थाना हरीपर्वत में तहरीर दी। मृतक के दो बच्चे हैं। पति की मौत से पत्नी पुष्पा सदमे में है। वहीं शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिवारीजनों ने हंगामा कर दिया। शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इसकी जानकारी पर पुलिस आ गई। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जाएगा।